Supaul News: सुपौल : वाहन की चपेट में आने से गल्ला व्यवसायी की मौत
Supaul News: राघोपुर में एक गल्ला व्यवसायी कामेश्वर खिड़हरी की एनएच-106 पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वे ग्राहकों का अनाज देख रहे थे जब उन्हें टक्कर लगी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिवार में शोक की लहर है।

Supaul News: राघोपुर, एक प्रतिनिधि। राघोपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर साईत निवासी 48 वर्षीय गल्ला व्यवसायी कामेश्वर खिड़हरी की गुरुवार रात एनएच-106 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा केएन इंटर कॉलेज के समीप रात करीब नौ बजे हुआ। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया गया कि कामेश्वर अपनी गल्ला दुकान के सामने एक ग्राहक का अनाज देख रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना का विवरण
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा ले जा रहे थे। इसी दौरान श्यामनगर के समीप रास्ते में ही कामेश्वर ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को रात करीब ढाई बजे घर लेकर पहुंचे। केएन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रमोद खिड़हरी ने बताया कि मृतक उनके चाचा थे। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से कामेश्वर की मौत हुई है।
परिवार की स्थिति
शुक्रवार सुबह हादसे की जानकारी फैलते ही मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कामेश्वर अपने पीछे पत्नी चंद्रकला देवी और दो छोटे पुत्र सत्यम कुमार (12) एवं शिवम कुमार (10) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


