सुपौल : दुश्मनी में मकई की फसल को किया बर्बाद, जांच में जुटी पुलिस
वीरपुर के भगवानपुर पंचायत में आपसी रंजिश के चलते अज्ञात लोगों ने एक किसान की तैयार मकई की फसल काटकर बर्बाद कर दी। इससे किसान राजकुमार मेहता को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने भीमनगर थाना में न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

वीरपुर, एक संवाददाता। बसंतपुर प्रखंड के भीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर पंचायत में आपसी रंजिश का गंभीर मामला सामने आया है। यहां अज्ञात लोगों ने एक किसान की तैयार खड़ी मकई की फसल काटकर पूरी तरह बर्बाद कर दी, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 4 में रानीगंज एसएसबी कैंप से पश्चिम लगभग 100 मीटर की दूरी पर कोसी पूर्वी तटबंध के नीचे यह घटना शनिवार को हुई। पीड़ित किसान राजकुमार मेहता के खेत में लगी करीब 20 कट्ठा मकई की फसल में से लगभग साढ़े तीन कट्ठा फसल को धारदार हथियार (हंसुआ) से काटकर नष्ट कर दिया गया।
किसान राजकुमार मेहता ने बताया कि उनकी फसल पूरी तरह पककर तैयार थी और कुछ ही दिनों में कटाई होनी थी, लेकिन उससे पहले ही इस घटना ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए भारी आर्थिक क्षति की बात कही है। घटना के बाद पीड़ित किसान ने रविवार को भीमनगर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसआई बिपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खेत की स्थिति और क्षति का आकलन किया। पीड़ित ने अपने बड़े भाई के पुत्र विजय कुमार मेहता एवं पड़ोसी मिथिलेश कुमार शर्मा पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश के कारण यह घटना हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी उन्हें सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा है और कई बार विवाद पंचायत स्तर पर सुलझाया गया था। भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


