Supaul News: सुपौल : सावन की अंतिम सोमवारी आज, शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
Supaul News: त्रिवेणीगंज में सावन की अंतिम सोमवारी के लिए श्रद्धालुओं में आस्था और उत्साह का माहौल है। प्रमुख शिवालयों में भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मंदिर समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वोलेंटियर की तैनाती की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखा गया है।

Supaul News: त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर त्रिवेणीगंज में आस्था और उत्साह का माहौल है।
तैयारियाँ पूर्ण
शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अहले सुबह से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने और पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर समितियों की ओर से बड़ी संख्या में वोलेंटियर तैनात किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की गई है। अंतिम सोमवारी को लेकर मेला ग्राउंड स्थित अजगेवी दुर्गा शिवालय, लटूरी शिव मंदिर, बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर और नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित ऐतिहासिक शिवालय सहित अन्य मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। शाम होते ही रंगीन रोशनी से मंदिर परिसर आकर्षक नजर आ रहे हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी की है।
सुरक्षा व्यवस्था
प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर पुलिस बल तथा स्थानीय कर्मियों की तैनाती की जाएगी। मंदिरों के आसपास वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को व्यवस्थित रखने की भी तैयारी है। मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और कतार व्यवस्था सहित अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति सदस्यों ने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर पूजा करने तथा वोलेंटियर और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


