सुपौल : 62 संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहे मजिस्ट्रेट व पुलिस बल
त्रिवेणीगंज में बकरीद का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ी और लोगों ने अमन-चैन की दुआ मांगी। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। नमाज बाद एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी गई। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली।

त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। बकरीद का पर्व गुरुवार को पूरी श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह होते ही विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अल्लाह की इबादत कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। अनुमंडल प्रशासन द्वारा 62 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। एसडीएमअभिषेक कुमार, एसडीपीओ बिभाष कुमार एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार लगातार क्षेत्र में गश्त लगाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
नगर परिषद स्थित बड़ी जामा मस्जिद, परतापुर गोन्हा, बभनगामा, महेसुआ, तितुआहा, मतकुड़िया, मगरकुप्पी ,कुमियाही समेत विभिन्न गांवों की मस्जिदों में लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पर्व को लेकर बाजारों में भी सुबह से रौनक देखी गई। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। वहीं प्रशासनिक चौकसी के कारण पूरे दिन क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


