सुपौल : गंदगी देख लगाई फटकार, सफाई एजेंसी के दिसंबर के बिल से 50 फीसदी राशि कटौती का निर्देश
ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल का डीएम सावन कुमार ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंदगी और खामियों पर अधिकारियों को फटकार लगाई गई। लापरवाह लिपिक को निलंबित किया गया और नर्स उमा कुमारी के खिलाफ कार्रवाई हुई। अस्पताल में व्यवस्था सुधारने के लिए कई दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
बलुआ बाजार, एक संवाददाता। ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल का बुधवार को डीएम सावन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में भारी खामियां और गंदगी पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उचित देखरेख न होने के कारण ऐसी उत्पन्न हुई है। इसपर लापरवाह लिपिक को निलंबित कर दिया। साथ ही आउटसोर्सिंग एजेंसी के दिंसबर महीने के बिल विपत्र से 50 फीसदी राशि कटौती का आदेश दिया। वहीं मरीजों के साथ अंसवेदनशील बर्ताव के कारण ग्रेड ए नर्स उमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उसका मुख्यालय सदर अस्पताल निर्धारित किया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अमित कुमार गायब मिले जिसके खिलाफ प्रपत्र क गठित कर स्वास्थ्य विभाग को भेजा गया। डीएम ने कहा कि यह कार्रवाई इसलिए की गई है ताकि भ्रष्टाचार व अनियमितता पर लगाम लगाई जा सके। डीएम सावन कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का धरातल पर इसका पालन कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के बाद डीएम ने अस्पताल अधीक्षक और सिविल सर्जन को कई दिशा-निर्देश जारी किए। कहा कि डॉक्टरों की उपस्थिति ड्यूटी चार्ट के अनुरूप अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाय। दवा वितरण से संबंधित प्रविष्टि नियमित रूप से मेंटेन हो। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने निरीक्षण के दौरान ओपीडी, इमर्जेंसी, लेबर रूम और सभी वार्डों का जायजा लिया। कुल मिलाकर, डीएम का यह औचक निरीक्षण अस्पताल में व्यवस्था सुधारने, गंदगी दूर करने और भ्रष्टाचार और लापरवाही पर नकेल कसने के उद्देश्य से किया गया था। उनके साथ सीएस डॉ. ललन ठाकुर भी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




