Supaul News: सुपौल : तीसरी सोमवारी व नाग पंचमी को लेकर शिवालयों में उमड़ पड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Supaul News: सुपौल में सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जलाभिषेक किया और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। डीआईजी ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था देखी गई।

Supaul News: सुपौल, एक संवाददाता। सदर प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर बोलबम तथा हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। सोमवार को अहले सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों के पट खुलते ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। सदर प्रखंड के बाबा तिल्हेश्वर मंदिर सुखपुर, बाबा कपिलेश्वर नाथ मंदिर एवं बाबा विश्वनाथ मंदिर बरुआरी, हजारी बाबा मंदिर मोहनियां, बाबा दूर्मदेश्वर मंदिर एवं बाबा गंगेश्वर नाथ मंदिर जगतपुर, बाबा तारणेश्वर महादेव मंदिर सिमरा, विशनपुरनाथ महादेव मंदिर तथा नगर परिषद क्षेत्र स्थित बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पूजा और श्रद्धा
भक्तों ने भगवान शिव को धतूरा, फूल, बेलपत्र, दूध, भांग, धूप-दीप आदि अर्पित कर जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बोलबम, बम-बम भोले और ओम नमः शिवाय के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।
डीआईजी की उपस्थिति
सदर प्रखंड के बाबा तिल्हेश्वर मंदिर में कोशी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ कुमार आशीष ने पूजा - अर्चना कर माथा टेका। मौके पर डीआईजी ने मंदिर की विधि-व्यवस्था सहित अन्य विषयों की जानकारी ली,तथा मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। मंदिर समिति के अध्यक्ष सह सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहु द्वारा पाग ,चादर आदि पहनाकर डीआईजी को सम्मानित किया गया। उक्त मौके पर सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहु ,अंचलाधिकारी मनीष कुमार,थानाध्यक्ष रामसेवक रावत सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।
अन्य दर्शकों की भागीदारी
सावन महीने की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा कपिलेश्वरनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में अहले सुबह से ही बोलबम की जयकारे व हर-हर महादेव की जयकारे से माहौल भक्तिमय बना रहा। कपिलेश्वर बाबा की महिमा अपरंपार है,सच्चे मन से पुकारने वाले भक्तों की हर मनोकामनाएं पूरी होती है। बताया कि उक्त स्थल पर जिले सहित अन्य जिलों के भी भक्तों द्वारा बाबा की पूजा अर्चना की जाती है। उक्त स्थल की खासियत है कि कांवरिया सहित अन्य भक्तों द्वारा खैरदाहा नदी से जल बोझकर बाबा तिल्हेश्वर मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया जाता है। उक्त क्षेत्रों में आसपास के जिले सहित नेपाल के श्रद्धालु भी आकर पूजा अर्चना करते हैं।


