
सुपौल : ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ने लगी कोहरे की मार
सुपौल में कोहरे के कारण ट्रेनों में देरी हो रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 15566 वैशाली एक्सप्रेस एक घंटे से अधिक लेट हुई। ठंडी हवा और बर्फबारी से तापमान गिरा है। मौसम विभाग ने अगले दिनों में और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है।
सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। ट्रेनों की रफ्तार पर कोहरे की मार पड़ने लगी है। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की पेरशानी बढ़ गई है। शनिवार रात सवा 9 बजे दिल्ली से सुपौल पहुंचने वाली 15566 वैशाली एक्सप्रेस रविवार सुबह 8:36 बजे पहुंची। ट्रेनों की देरी से शीतलहर के बीच यात्रियों को स्टेशन पर ठिठुरना पड़ा। परिवालन विभाग का कहना है कि उत्तर और पूर्वोत्तर राज्यों से आ रही अधिकांश ट्रेनें कोहरे की वजह से लेट हो रही है। इसे नियमित करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि अन्य ट्रेने फिलहाल कुछ ही समय देरी से चल रही है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर उत्तर बिहार के मैदानी इलाकों पर भी दिख रहा है।
सुपौल समेत आसपास के जिलों में बर्फीली पछुआ हवा चलने से ठंड में जबरदस्त इजाफा हुआ है। दिन-रात कनकनी और ठिठुरन से लोग बेहाल हैं। हालांकि, अभी कोहरे का प्रभाव बहुत अधिक नहीं है, लेकिन ठंडी हवा की चुभन से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी, जबकि मंगलवार से कुछ राहत मिलने की संभावना है। इधर, रविवार को पूरे दिन शीतलहर जैसी स्थिति रही। आसमान में बादलों और धुंध की मौजूदगी के कारण सूरज दिनभर ठीक से नहीं निकल सका। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम होते ही पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से ठंड और ज्यादा बढ़ गई। लोग सिहरन महसूस करते रहे और खुले में निकलना मुश्किल हो गया। शाम होते सड़कों और बाजारों में भीड़ कम होने लगी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। दिनभर 7.2 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चली। मौसम वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि सोमवार से तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ राहत मिलने के संकेत हैं। लेकिन इसके बाद कोहरे का प्रभाव बढ़ जाएगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच, जबकि न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। ऐसे में रात के समय ठंड और अधिक महसूस होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




