Supaul News: सुपौल : शराब के दो मामलों में दो दोषियों को पांच-पांच साल की सजा
Supaul News: सुपौल के उत्पाद न्यायालय ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े दो मामलों में दोषियों को पांच साल के सश्रम कारावास और एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। पहला मामला सिकंदर यादव का है, जबकि दूसरा मनीष कुमार का। दोनों को शराब संबंधित कानूनों के तहत दोषी पाया गया है।
Supaul News: सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। शराब के अवैध कारोबार से जुड़े दो मामलों में बुधवार को उत्पाद न्यायालय ने फैसला सुनाया। अनन्य विशेष न्यायाधीश उत्पाद न्यायालय-वन अभिषेक कुमार मिश्रा की अदालत ने दो दोषियों को पांच-पांच साल के सश्रम कारावास की सजा दी। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माने की राशि नहीं देने पर दोनों को छह महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
पहला मामला
पहला मामला जदिया थाना कांड संख्या 79/2017 से जुड़ा है। इसमें जदिया निवासी सिकंदर यादव को दोषी पाया गया। पुलिस के अनुसार, 13 जून 2017 को पुलिस टीम शाम में गश्त कर रही थी। इसी दौरान अनंतपुर चौक के पास सूचना मिली कि सिकंदर यादव अपने घर से शराब बेचता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान चौकी के नीचे काले पॉलिथीन में छिपाकर रखी 300 एमएल देसी शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर सिकंदर यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने उसे बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत दोषी माना और पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
दूसरा मामला
दूसरा मामला किशनपुर थाना कांड संख्या 142/2025 का है। इसमें सरायगढ़ थाना क्षेत्र के मुरली वार्ड 5 निवासी मनीष कुमार को दोषी ठहराया गया। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2025 की रात सहायक अवर निरीक्षक रामरतन मांझी पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मनीष कुमार स्कॉर्पियो से शराब की बड़ी खेप लेकर सुखासन गांव जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम सुखासन गांव स्थित पंचायत सरकार भवन के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से 33 प्लास्टिक बोरियां मिलीं। इनमें कुल 891 लीटर नेपाली शराब थी। पुलिस की जांच में मनीष कुमार की इस मामले में संलिप्तता सामने आई। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने मनीष कुमार को भी बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत दोषी माना। उसे पांच साल के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा दी गई। जुर्माना नहीं देने पर छह महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
दोनों मामलों में अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक विनय भूषण सिंह ने अदालत में पक्ष रखा। सिकंदर यादव की ओर से अधिवक्ता मनोज झा और मनीष कुमार की ओर से अधिवक्ता विमल झा ने बचाव पक्ष की ओर से बहस की।


