Hindi NewsBihar NewsSupaul NewsChief Minister Nitish Kumar s Visit to Supaul Development Plans and Expectations Rise
सुपौल : दो फरवरी को सुपौल आएंगे सीएम, चकाचक होने लगीं जिले की दो पंचायतें

सुपौल : दो फरवरी को सुपौल आएंगे सीएम, चकाचक होने लगीं जिले की दो पंचायतें

संक्षेप:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुपौल जिले में 2 फरवरी को दौरा संभावित है। जिला प्रशासन ने यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोग बड़ी योजनाओं की उम्मीद कर रहे हैं। पिछले साल की यात्रा में सीएम ने 210 योजनाओं का उद्घाटन किया था, जिनमें से कुछ पूरे हो चुके हैं और कुछ का इंतजार है।

Jan 13, 2026 11:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

सुपौल, वरीय संवाददाता। समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुपौल जिले में दो फरवरी को दौरा संभावित है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। सीएम की यात्रा को लेकर एक तरफ निर्मली प्रखंड की हरियाही व पिपरा की दीनापट्टी पंचायतों को चकाचक कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों में एक बार फिर से क्षेत्र को कुछ बड़ी योजनाओं की सौगात की आस जगी है। वहीं युद्ध स्तर पर विकासात्मक कार्य भी किये जा रहे हैं। साथ ही दोनों प्रखंडों में चयनित स्थल का जिला प्रशासन की टीम लगातार जायजा भी ले रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गौरतलब है कि पिछले साल 20 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के क्रम में सुपौल आए थे। उस वक्त उन्होंने जिले में 298 करोड़ की लागत वाली 210 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया था। सीएम की प्रमुख घोषणाओं में कुछ तो पूरे हो चुके हैं, जबकि अधिकांश अभी भी शुरुआत की बाट जोह रहे हैं। दरअसल, विधानसभा चुनाव के बाद सीएम पहली बार जिलों के दौरे पर निकलने वाले हैं। ऐसे में लोगों में एक बार फिर से उम्मीद जगी है। कोसी-सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में सीएम की समृद्धि यात्रा की शुरुआत 31 जनवरी से खगड़िया के रास्ते होगी। वहीं खगड़िया के बाद दो फरवरी को सुपौल, तीन फरवरी को सहरसा, चार को मधेपुरा, पांच को अररिया, छह को किशनगंज, सात को पूर्णिया और नौ फरवरी को कटिहार की यात्रा पर मुख्यमंत्री होंगे। इसके बाद 11 फरवरी को भागलपुर, 12 को बांका, 13 को मुंगेर, 14 को जमुई और 15 फरवरी को समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री लखीसराय व शेखपुरा जिला में होंगे। साल 2025 में सुपौल पहुंचने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने छह प्रमुख घोषणाएं की थीं। इनमें वीरपुर हवाई अड्डे से जल्द उड़ान की शुरुआत, त्रिवेणीगंज बाजार और पिपरा बाजार के बीच बाईपास निर्माण, सुपौल स्टेडियम का जीर्णोद्धार, नगर पंचायत निर्मली के रिंग बांध का जीर्णोद्धार व कालीकरण, छातापुर एवं त्रिवेणीगंज में सुरसर नदी के चैनलाइजेशन व क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत तथा वीरपुर अनुमंडल मुख्यालय में निबंधन कार्यालय की स्थापना कराना शामिल था। इनमें वीरपुर अनुमंडल मुख्यालय में निबंधन कार्यालय की स्थापना हो चुकी है और वहां काम भी होने लगा है। वीरपुर में हवाई अड्डा के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर पंचायत निर्मली के रिंग बांध का जीर्णोद्धार का कार्य हुआ है। त्रिवेणीगंज बाजार में बाईपास के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया हो चुकी है, जबकि पिपरा में अभी इस दिशा में कुछ नहीं हो सका है। छातापुर व त्रिवेणीगंज में सुरसर नदी के चैनलाइजेशन का काम पूरा हो चुका है, जबकि क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत नहीं हो सकी है। वहीं सुपौल स्टेडियम के जीर्णोद्धार का काम भी नहीं हो सका है।