सुपौल : किशनपुर सीएचसी में सखीवार्ता का आयोजन, सम्मानित हुईं माताएं
सुपौल में विश्व बाल दिवस पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या शिशुओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अभिभावकों को प्रोत्साहित करना था। पूर्ण टीकाकरण वाली बच्चियों को बेबी कीट और फलदार पौधे देकर सम्मानित किया गया।
सुपौल, एक प्रतिनिधि। महिला एवं बाल विकास निगम सुपौल के अधीन संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विश्व बाल दिवस के अवसर पर प्राथमिक सह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र किशनपुर में ढाई से तीन वर्ष तक के सम्पूर्ण प्रतिरक्षित कन्या शिशुओं एवं उनके माता या अभिभावक का सम्मान समारोह के साथ-साथ सखीवार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ योजना अंतर्गत ढाई से तीन वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों का संपूर्ण टीकाकरण पूर्ण होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने वाले अभिभावकों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पूर्ण टीकाकरण युक्त बच्चियों को बेबी कीट एंव उनके माता या अभिभावकों को बच्चियों के नाम एक फलदार पौधा देकर सम्मानित किया गया उपस्थित सभी माताओं को जानकारी दी गई कि टीकाकरण बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा देता है। मौके पर वक्ताओं ने बताया कि मां का पहला गाढ़ा पीला दूध भी प्राकृतिक टीके की तरह कार्य करता है और नवजात को बीमारियों से बचाने में सबसे महत्वपूर्ण होता है। बच्चों के रहन-सहन, गोदभराई, अन्नप्राशन और आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। सभी माताओं से टीकाकरण को प्रोत्साहित करने की अपील की गई। इस दौरान हब के जिला मिशन समन्वयक हरिनारायण कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ नीतू कुमारी एवं सखी वन स्टॉप सेंटर से केन्द्र प्रशासक कुमारी प्रतिभा, जिला परियोजना प्रबंधक रूपम कुमारी ने कन्या सुरक्षा एवं सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन और पालनाघर आदि की विस्तृत जानकारी दी। वहीं यूनिसेफ की एसएमसी अनुपमा चौधरी ने कहा कि बेटी समाज का बोझ नहीं एक अनमोल रत्न है। इसलिए बेटियों को बचाना हमलोगों का कर्तव्य है। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी किशनपुर, स्वास्थ्य प्रबंधक किशनपुर, आशा व स्वास्थ्य विभाग के अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




