सुपौल : रंगों की बौछार और गंगा-जमुनी तहजीब के संग मनाई गई होली

Mar 05, 2026 11:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share

सुपौल में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, जहाँ हिन्दू और मुस्लिम समुदाय ने मिलकर रंगों का उत्सव मनाया। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई देते नजर आए। बाजारों में मटन, चिकन और मछली की बिक्री भी जोर-शोर से हुई, जिससे स्थानीय व्यापारियों में उत्साह बढ़ा।

सुपौल : रंगों की बौछार और गंगा-जमुनी तहजीब के संग मनाई गई होली

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। रंग-बिरंगे उड़ते गुलाल, मिठास भरे व्यंजन और उमंग से भरे वातावरण के बीच जिले में होली का त्योहार धूमधाम और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। बुधवार को लोग अपने घरों और मोहल्लों में जमकर रंग खेलते नजर आए। वहीं मंगलवार को भी जिलेभर में होली की रौनक देखने को मिली। सुबह हल्की ठंड और कुहासे के बाद दोपहर का मौसम सुहाना हो गया। शहर में दोपहर 12 बजे के बाद युवाओं की टोली मोहल्लों में निकलती रही और घरों में छिपे लोगों को अबीर-गुलाल में डुबोने लगी। छोटे अपने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आए।

ढोल, छाल और पारंपरिक फाग गीतों के साथ होली की मस्ती बढ़ती रही। मालपुआ, दहीबड़ा, मिठाइयों और अन्य व्यंजनों से बधाई देने वाले मेहमानों का स्वागत भी किया गया। प्रशासन और सरकार की सख्ती के कारण फूहड़ और अश्लील भोजपूरी गानों की गूंज मुख्यालयों में कम सुनाई दी। शहर के हुसैन चौक में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोग मिलकर होली खेलते नजर आए। जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय ने हिन्दू भाइयों के साथ रंगों का उत्सव मनाया। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिला और होली की शुभकामनाएं दी। इसने जिलेवासियों को आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। 2 मार्च को गांधी मैदान में मारवाड़ी युवा मंच ने होलिका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। नवविवाहित कन्याओं ने अपने दीर्घायु सुहाग और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए होलिका की परिक्रमा की। राजस्थानी परंपरा अनुसार यह गणगौर पूजन अगले 16 दिनों तक लगातार संपन्न होगा, जिसमें प्रतिदिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा निष्ठा के साथ की जाती है। जिलेभर में 250 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस गश्त करते रहे। तेज आवाज में बज रहे साउंड बॉक्स को पुलिस द्वारा उठाया गया। नगर परिषद कार्यालय परिसर में मंगलवार 3 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव, वार्ड पार्षद और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। फाग गीतों पर शहरवासियों ने जमकर ठुमके लगाए और एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ाए। जिलेभर में होली का यह उत्सव न केवल रंगों और व्यंजनों से भरा रहा, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश भी देने वाला साबित हुआ। डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ्र आरएस के अलावा वरीय पुलिस पदाधिकारी और मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी बनाए हुए थे। शहर के चौक-चौराहों पर जवानों की तैनाती के कारण जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न हो गया। जिले में होली के दिन मटन, चिकन और मछली का कारोबार जोर-शोर से चला। बुधवार को सुबह से ही लोग दुकानों के बाहर लाइन में खड़े होकर खरीददारी करते दिखे। दोपहर तक बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। बढ़े डिमांड को देखते हुए मांस-मछली दुकानदार पहले से ही तैयार थे। उन्होंने स्टॉक पर्याप्त मात्रा में रखा और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। शहर और कस्बों में उत्सव के रंगों के बीच दुकानदारों की सतर्कता और ग्राहकों की खरीददारी ने बाजारों में उत्साह का माहौल बना दिया। त्योहार की तैयारियों में मटन-चिकन और मछली की बिक्री ने स्थानीय व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों का उत्साह बढ़ा दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।