सुपौल : घास काटने निकली थी विवाहिता, अगली सुबह बांसबाड़ी में मिली लाश
सुपौल में एक 21 वर्षीय विवाहिता रंजू कुमारी का शव बांसबाड़ी से बरामद हुआ। उसके गले पर गहरे जख्म के निशान हैं, जिससे प्रतीत होता है कि उसकी हत्या गला रेतकर की गई। रंजू गुरुवार शाम को मवेशियों के लिए चारा काटने निकली थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। नदी थाना क्षेत्र के ललमनिया पंचायत अंतर्गत लालपुर वार्ड 16 में शुक्रवार की सुबह एक 21 वर्षीया विवाहिता का शव बांसबाड़ी से बरामद किया गया। मृतका रंजू कुमारी के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि विवाहिता की हत्या गला रेतकर की गई है। जानकारी अनुसार, रंजू गुरुवार शाम लगभग चार बजे मवेशियों के लिए चारा काटने घर से निकली थी। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की खोजबीन के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर एक बांसबाड़ी में उसका खून से लथपथ शव मिला।

घटनास्थल से घास काटने में इस्तेमाल होने वाला कचिया भी बरामद हुआ है। मृतका ललमनिया पंचायत के लालपुर निवासी गुमानी मंडल की पुत्री थी। उसके भाई ने बताया कि रंजू की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मधुबनी जिले के दैता टोल सिन्दूरपुरा गांव में हुई थी। उसके पति मजदूरी के लिए दिल्ली में रहते हैं, जिसके कारण वह मायके में रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही नदी थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक अनुसंधान के बाद घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया।थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे है। शीघ्र ही मामले का खुलासा हो जाएगा। बहरहाल, घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। उधर, एसपी शरथ आरअएस ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन कुमार के नेतृत्व एसआईटी का गठन किया गया है। घटनास्थल पर हत्या से जुड़े सुराग के लिए स्वान दस्ता भी बुलाया गया है। इसके अलावा डीआईओयू सेल की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस हत्या समेत कई बिंदुओं से घटना की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




