
सुपौल : किशोर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने पहुंची फॉरेंसिक टीम
हरिहरपट्टी पंचायत के वार्ड सात में 13 वर्षीय विकास की निर्मम हत्या के बाद शव को जलाने का मामला सामने आया है। बिहार पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जली हुई हड्डियों सहित भौतिक...
त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। हरिहरपट्टी पंचायत के वार्ड सात में मंगलवार सुबह विकास (13 वर्ष)की निर्मम हत्या और शव को पेट्रोल व यूरिया डालकर जलाए जाने के मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घटना की जांच के लिए गुरुवार को बिहार पुलिस की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। विशेषज्ञ सुमित कुमार ने अनुसंधानकर्ता एसआई मनीष कुमार के साथ घटनास्थान का गहन निरीक्षण किया। इस क्रम में विकास के शव को आनन-फानन में जलाया गया था। फॉरेंसिक टीम ने मृतक की जली हुई हड्डियां, नसों के अवशेष व अन्य भौतिक प्रमाण सावधानीपूर्वक एकत्र किए। इस बाबत सुमित कुमार ने बताया कि एकत्र किये गए अवशेषों को लैब भेजा जाएगा।

इसको लेकर मुख्यालय से निर्देश दिया गया था। इधर, केस के अनुसंधानकर्ता मनीष कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रतर कार्रवाई की जाएगी। फॉरेंसिक विशेषज्ञों का मानना है कि इन अवशेषों से मृतक की सही पहचान, उम्र, चोटों के निशान, फ्रैक्चर समेत कई अहम जानकारियां मिलेंगी। टीम सभी सबूत जांच के लिए लैब लेकर जाएगी । दर्दनाक घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। न ही हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो पाई है। इससे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में निराशा व आक्रोश है। मृतक की मां के बयान पर कांड संख्या 457/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि विकास की हत्या किस तरीके से की गई और शव को जलाने की प्रक्रिया कैसे हुई। फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ विभाष कुमार भी बुधवार को घटनास्थल जाकर मामले की गहन पड़ताल कर चुके हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




