सुपौल : आज से उम्मीदवार दाखिल कर सकेंगे नामांकन प्रपत्र
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सुपौल जिले में 11 नवंबर को मतदान होगा। 13 से 20 अक्टूबर तक नामांकन का कार्य चलेगा। अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया। नामांकन के लिए...

सुपौल, वरीय संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत जिले में दूसरे चरण में यानी 11 नवंबर को मतदान होना है। इसको लेकर 13 अक्टूबर से लेकर 20 अक्टूबर तक उम्मीदवारों का नाम निर्देशन लिया जाना है। 43 सुपौल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत यह कार्यक्रम अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर सह निर्वाची पदाधिकारी 43 सुपौल विधानसभा क्षेत्र के कार्यालय कक्ष में लिया जाएगा। इसको लेकर रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुपौल सदर शिवेंद्र कुमार अनुभवी ने नामांकन की विधि व्यवस्था का जायजा लिया। इस क्रम में एसडीएम इंद्रवीर कुमार ने बताया कि सुपौल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नामांकन के लिए निर्वाचित पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर कक्ष के 100 मीटर के अंदर मात्र तीन गाड़ियों के प्रवेश की अनुमति होगी।
अनुमंडल कार्यालय के आसपास तीन ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, जहां पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। अभ्यर्थी के साथ ज्यादा से ज्यादा कुल 10 लोग अनुमंडल कार्यालय के परिसर में प्रवेश कर सकेंगे तथा नामांकन के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी के कक्ष में अधिकतम मात्र पांच लोगों के प्रवेश की अनुमति होगी। नामांकन अवधि के दौरान नामांकन कक्ष के 100 मीटर के परिधि में धारा 163 लागू रहेगी। वाहनों के पार्किंग के लिए इनडोर स्टेडियम तथा गांधी मैदान को चिह्नित किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नाम निर्देशन पत्र की जांच के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाया गया है। सिंगल विंडो सिस्टम में जांच के उपरांत अभ्यर्थी नामांकन को लेकर निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में नाम निर्देशन पत्र के साथ अपना नाम निर्देशन दे सकते हैं। इसकी शुरुआत सुबह 11 से होगी और समापन दोपहर तीन बजे होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




