सुपौल : ऑटो और ई रिक्शा चालक नहीं मान रहे नियम
सुपौल में ऑटो और ई रिक्शा चालकों की मनमानी से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौक-चौराहों पर अव्यवस्थित खड़े होने के कारण जाम लग रहा है और सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने कार्रवाई की...
सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर में ऑटो और ई रिक्शा चालकों की मनमानी रुक नहीं रही है। चौक-चौराहों और सड़कों पर ऑटो-टोटो को खड़ा करने से अन्य राहगीरों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जाम लगता है सो अलग। ऑटो-ई रिक्शा चालकों की मनमानी और तानाशाही रवैये से आमलोग परेशान हैं। सदर एसडीएम-एसडीपीओ और यातायात पुलिस की तमाम अपील के बावजूद ऑटो-ई रिक्शा चालकों की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। ऑटो-ई रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण अक्सर लोग सड़क दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। अचानक ऑटो-ई रिक्शा चालक बीच रास्ते में ही रोककर सवारी बिठाने और उतारने लगते हैं।
इस वजह से भी पीछे से आ रहे गाड़ी चालक सड़क हादसे के शिकार हो रहे हैं। बिना इंडिकेटर दिए ले लेते हैं टर्न। इस कारण भी लोगों को परेशानी होती है। महावीर चौक, स्टेशन चौक, लोहिया चौक, बस स्टैंड चौक, पटेल चौक, स्टेशन रोड समेत सभी चौराहों पर ऑटो और ई रिक्शा चालक यातायात नियमों को खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। यात्रियों को वाहन में बिठाने और उतारने के लिए चालक ऑटो-ई रिक्शा को बीच सड़क पर ही खड़ा कर रहे हैं। जबकि 2 अगस्त को सदर एसडीएम और एसडीपीओ ने जाम और यातायात की समस्या दूर करने के लिए जरूरी बैठक की थी। इसमें स्पष्ट हिदायद दी गई थी कि बीच सड़क पर ई रिक्शा-ऑटो रोक सवारी उतारने वाले चालकों पर जुर्माना लगेगा। इसमें अधिकारियों ने माना था कि सड़क पर ही ई रिक्शा और ऑटो खड़ी करने से यातायात और जाम की समस्या उत्पन्न होती है। यातायात पुलिस निरीक्षक को निर्देश दिया गया था कि वह वैसे ई रिक्शा चालकों जो बिना नंबर के हैं तथा उन रिक्शा को कोई नाबालिक चला रहा है तो उन पर तुरंत कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही यदि सड़क पर ही ई रिक्शा खड़ी करके यात्रियों को चढ़ाते-उतारते हैं तो उन पर भी तुरंत ही फाइन किया जाए। बिना नंबर वाले ई-रिक्शा व नाबालिग चला रहे तो करें तत्काल कार्रवाई करें। लेकिन अपने ही आदेश को लागू कराने में जिला प्रशासन पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। यातायात थानाध्यक्ष मनोज महतो ने बताया कि आदेश को लागू कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ताकि पर्व त्योहार के सीजन में शहर में जाम और यातायात की समस्या उत्पन्न न हो। बताया कि महावीर चौक पर चालान काटा जा रहा है। बावजूद वहां नियमों की अनदेखी हो रही है तो वे स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




