सुपौल : त्रिवेणीगंज से चीन निर्मित व एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त

Jan 05, 2026 10:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुपौल
share Share
Follow Us on

त्रिवेणीगंज बाजार में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच के दौरान 52 प्रकार की खाद्य सामग्री में से 11 उत्पादों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट नहीं मिली। 240 पैकेट एक्सपायर्ड नमकीन और एक संदिग्ध चीनी कैंडी भी बरामद की गई। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है।

सुपौल : त्रिवेणीगंज से चीन निर्मित व एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त

त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। त्रिवेणीगंज बाजार में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की खुलेआम बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को मेलाग्राउंड रोड स्थित एक बड़े किराना स्टोर में प्रशासन की ओर से औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक कुमार के निर्देश पर मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) नेहा कुमारी द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान चुन्नी लाल अग्रवाल के किराना स्टोर में कुल 52 प्रकार की खाद्य एवं अन्य उपभोक्ता सामग्रियों की मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपायरी तिथि की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में 11 ऐसे उत्पाद पाए गए, जिनके पैकेट पर न तो मैन्युफैक्चरिंग डेट अंकित थी और न ही एक्सपायरी डेट।

इनमें स्पेशल स्वीट्स, सोनपापड़ी, हर्षिका सेवइयां, रश्मि जर्दा, संजय तंबाकू, मुंबई फिल्टर बीड़ी, राजभोग बेसन, दुल्हन गुल, टिंकू सुपारी, सोनाक्षी अगरबत्ती एवं भोलेनाथ काजू मसाला शामिल हैं। बिना आवश्यक तिथि विवरण के इन उत्पादों का बिक्री हेतु रखा जाना खाद्य सुरक्षा एवं उपभोक्ता संरक्षण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया। इसके अलावा दुकान से अमल नमकीन टेस्ट मिक्सचर के 240 पैकेट एक्सपायर्ड अवस्था में बरामद किए गए। वहीं जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया, जब दुकान में चीन में निर्मित स्मोकी पॉपकिंग कैंडी मिली, जिस पर एक्सपायरी डेट वर्ष 2027 अंकित पाई गई। इस मामले को भी संदिग्ध मानते हुए जांच के दायरे में लिया गया है। इस बाबत एमओ नेहा कुमारी ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, इस संबंध में एसडीएम अभिषेक कुमार ने कहा कि मेलाग्राउंड रोड स्थित किराना दुकान में जांच के दौरान कई खाद्य सामग्री एक्सपायर्ड एवं नियमों के विरुद्ध पाई गई हैं। एमओ से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बाजार में किसी भी प्रकार का एक्सपायर्ड, बिना तिथि अंकित या गुणवत्ता-रहित सामान बिक्री के लिए न रखें। खाद्य पदार्थों का सेवन बच्चे, बुजुर्ग और आमजन सभी करते हैं, ऐसे में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;