विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप
घरेलू विवाद में विवाहिता ने जहर खा ली। इससे शनिवार की देर रात इलाज के दौरान शहर के एक निजी क्लीनिक में उसकी मौत हो गई। मृतका मधेपुरा जिले के बेहला...
सुपौल । हिन्दुस्तान संवाददाता
घरेलू विवाद में विवाहिता ने जहर खा ली। इससे शनिवार की देर रात इलाज के दौरान शहर के एक निजी क्लीनिक में उसकी मौत हो गई। मृतका मधेपुरा जिले के बेहला घाट तुलसीबाड़ी वार्ड 1 निवासी मिथिलेश राम की पत्नी कल्पना देवी (27) है। मायके वालों ने मृतका के पति, ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसमें दहेज के लिए प्रताड़ित कर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता पिपरा थाना क्षेत्र के कौशलीपट्टी वार्ड 3 निवासी जामुन राम ने बताया कि 10 जुलाई की शाम 4 बजे मोबाइल पर सूचना मिली कि कल्पना को ससुराल वालों ने जहर खिला दिया है जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई है। सूचना पर वह लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसके मुंह से झाग आ रहा था। आनन-फानन में इलाज के लिए मधेपुरा ले गये। वहां से रेफर करने के बाद दरभंगा ले जाने के क्रम में स्थिति बिगड़ने लगी। इस पर शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां देर रात करीब साढे़ 11 बजे उसकी मौत हो गई।
बताया कि कल्पना के ससुरालवाले बाइक औ दो लाख रुपये के लिए शादी के बाद से ही प्रताड़ित कर रहे थे। देहज की डिमांड पूरा नहीं होने पर उसकी पहली पिटाई की गई और फिर जहर देकर मार डाला। उधर, परिजनों की शिकायत पर पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर, मौत की खबर मिलते ही मृतका के मायके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की मानें तो कल्पना के दो संतान भी हैं और 2013 में ही उसकी शादी मिथिलेश से हुई थी।
तीन घंटे तक हुई पंचायत, नहीं बनी बात: विवाहिता की मौत के बाद करीब तीन घंटे तक लड़का और लड़की पक्ष के बीच पंचायत भी हुई। इसमें कल्पना के संतान को सपंति देने की पहल हुई। हालांकि मृतका के पिता और उसके परिजन मानने को तैयार नहीं हुए। इसके चलते शव करीब 15 घंटे तक पड़ा रहा। जब दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी तो मामला थाने तक पहुंची। इसके बाद पुलिस आई और आगे की कार्रवाई शुरू की।
