सुपौल : गजना धार में मिली लापता वृद्धा की लाश, गहने गायब
सुपौल के सदर थाना क्षेत्र से 15 फरवरी से लापता 90 वर्षीय भिखारी देवी का शव बुधवार को गजना धार से मिला। उनकी लाश पर से गहने गायब थे, जिससे लूटपाट का शक गहरा गया है। परिवार ने बताया कि वृद्धा घर से अचानक निकली थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र से 15 फरवरी से लापता 90 वर्षीय भिखारी देवी का शव बुधवार को नगर परिषद कृष्णापुरी वार्ड 4 स्थित गजना धार से बरामद होने पर इलाके में सनसनी फैल गई। वृद्धा विद्यापुरी वार्ड 2 में अपने पुत्र के साथ रहती थीं। शव मिलने के बाद घटना ने क्राइम एंगल ले लिया है, क्योंकि परिजनों के अनुसार वृद्धा के शरीर से गहने गायब थे। मृतका के पुत्र शेखर सुमन ने बताया कि 15 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे उनकी मां घर से अचानक निकल गई थीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला।
आरएसएम के पास लगे सीसीटीवी में सुबह 10:13 बजे उन्हें जाते देखा गया था। इसके बाद परिवार ने हर संभावित जगह तलाश की और सदर थाना को सूचना दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। तीन दिन बाद बुधवार को गजना धार में एक वृद्ध महिला का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की। परिजनों का दावा है कि जब वृद्धा घर से निकली थीं, तब उनके हाथ में चांदी का बाला, गले में चांदी की सिकरी और कान में सोने की बाली थी, जो शव मिलने के समय गायब थे। इससे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि शव बरामद कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



