पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल की आस बढ़ी, तीन बड़े औद्योगिक क्षेत्र जुड़ेंगे; 1 घंटे में तय होगी दूरी
पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल को लेकर आस बढ़ गई है। इस ट्रेन के लिए पूरी तरह से अलग और समर्पित एलिवेटेड या अंडरग्राउंड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर के बनने से पटना, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच आवागमन और आसान होगा।

पटना से मुजफ्फरपुर के बीच सफर को तेज और सुगम बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। दोनों शहरों के बीच हाजीपुर के रास्ते क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के लिए अध्ययन शुरू हो चुका है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) इसके लिए वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी। रैपिड रेल कॉरिडॉर के शुरू होने से पटना- मुजफ्फरपुर की दूरी एक घंटे में तय होगी। दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को ज्यादा सुविधा होगी। आरआरटीएस दिल्ली-एनसीआर में संचालित क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट व्यवस्था की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यह मेट्रो से अलग व्यवस्था होगी। इसका उद्देश्य लंबी दूरी के यात्रियों को कम समय में एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाना है।
आकलन के बाद स्टेशन तय होंगे
यह आकलन किया जाएगा कि पटना, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच रोजाना कितने लोग सफर करते हैं। किन इलाकों से सबसे अधिक यात्री मिल सकते हैं। इसी आधार पर संभावित रूट और स्टेशन तय होंगे। जमीन की उपलब्धता, निर्माण की लागत, तकनीकी विकल्प व यातायात दबाव का भी इसी क्रम में अध्ययन होगा। रैपिड रेल के स्टेशनों को पटना मेट्रो, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनल और दूसरे सार्वजनिक परिवहन साधनों से जोड़ने की संभावना भी देखी जाएगी।
इसका उद्देश्य ऐसा परिवहन नेटवर्क तैयार करना है, जिसमें यात्री एक साधन से दूसरे साधन पर आसानी से जा सकें। इस ट्रेन के लिए पूरी तरह से अलग और समर्पित एलिवेटेड या अंडरग्राउंड कॉरिडोर बनाया जाएगा। बता दें कि पटना से मुजफ्फरपुर जाने में अभी दो घंटे लगते हैं। लेकिन प्रोजेक्ट पूरा होने से अभी आधे समय में दूरी तय की जाएगी।
फायदा क्या: तीन बड़े औद्योगिक हब जुड़ेंगे
● कॉरिडोर बनने से पटना, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच आवागमन और आसान होगा।
● इन तीनों क्षेत्रों के प्रमुख औद्योगिक इलाकों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
● प्रस्तावित सोनपुर एयरपोर्ट तक पहुंच के विकल्प का अध्ययन होगा, यह मेट्रो से अलग सुविधा होगी
कॉरिडोर से जुड़ेंगे चार शहर
मई 2024 में प्रदेश सरकार ने आरआरटीएस को मंजूरी दी गई थी। इसके तहत पटना से मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर की कनेक्टिविविटी बढ़ाई जा रही है। छोटे शहरों को भी जोड़ा जाना है। इसी के लिए अध्ययन शुरू किया गया है। रैपिड रेल 130 से 160 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को ज्यादा सुविधा होगी। बता दें कि एएआर और डीपीआर पर 31.59 करोड़ खर्च का अनुमान है।

