कोई पत्थर बरसा रहा तो कोई इंजन पर चढ़ा, पाटलिपुत्र स्टेशन पर उत्पात का वीडियो देखिए
पाटलिपुत्र स्टेशन पर कई घंटों तक हुए हंगामे के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इस वीडियो में उत्पात की पूरी घटना कैद हैं। एक वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेशन परिसर में छात्र ताबड़तोड़ रोड़े बरसा रहे हैं। हेलमेट पहने पुलिसकर्मी किसी तरह छात्रों को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।

पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों के उपद्रव के बाद पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अब इस मामले में 6 नामजद समेत 500 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। रेल पुलिस ने 6 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया है। फिलहाल इन सभी से पूछताछ जारी है। कहा जा रहा है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में भी जुटी है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि रेलवे पुलिस यह पता लगा रही है कि इन छात्रों का परीक्षा केंद्र कौन सा था। कौन-कौन छात्र परीक्षा केंद्र पर नहीं गए इन सभी चीजों का ब्योरा पुलिस जुटा रही है।
इधर पाटलिपुत्र स्टेशन पर कई घंटों तक हुए हंगामे के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इस वीडियो में उत्पात की पूरी घटना कैद हैं। एक वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेशन परिसर में छात्र ताबड़तोड़ रोड़े बरसा रहे हैं। हेलमेट पहने पुलिसकर्मी किसी तरह छात्रों को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। स्टेशन परिसर में एक ट्रेन भी खड़ी नजर आ रही है। एक अन्य वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेशन परिसर में खड़ी एक ट्रेन पर छात्र रोड़े बरसा रहे हैं।
उत्पाती पूरी तरह से बेखौफ नजर आ रहे हैं और पुलिसवाले बेबस। हाथ में लाठी लिए पुलिसवाले छात्रों की रोड़ेबाजी से बचने का प्रयास भी कर रहे हैं। एक अन्य वीडियों में सैकड़ों छात्र स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक पर खड़े नजर आ रहे हैं। इस दौरान पुलिस हाथ में माइक और भोंपू लेकर छात्रों से वहां से हटने की अपील कर रही है। लेकिन छात्रों का हंगामा वहां बदस्तूर जारी है और वो टस से मस नहीं हो रहे हैं। छात्र अपने मोबाइल से वीडियो भी बना रहे हैं।
हंगामे के एक अन्य वीडियो में कई छात्र एक ट्रेन की इंजन पर चढ़े हुए नजर आ रहे हैं। रेलवे ट्रैक पर भी कई छात्र मौजूद हैं। उत्पातियों ने एक तरह से ट्रेन को अपने कब्जे में ले रखा है। यहां काफी शोर-शराबा भी सुनाई दे रहा है।
पाटलिपुत्र स्टेशन पर हालात बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। रेल पुलिस की चेतावनी और उनके लाठी भांजने से जब उत्पाती नहीं हटे तो पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसका भी वीडियो सामने आया है। इस हंगामे और प्रदर्शन को लेकर एक छात्र ने कहा कि हजारों छात्र अपने परीक्ष केंद्रों पर जाने के लिए स्टेशन पर जुटे थे। लेकिन जो ट्रेन स्टेशन पर आई वो खचाखच भरी हुई थी। छात्र ट्रेन में चढ़ पाने में नाकाम रहे। कई ट्रेनें देर से भी चल रही थी। जिसके बाद छात्र अचानक बेकाबू हो गए और फिर हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया।
जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और अपनी कार्रवाई शुरू की। 5-6 पुलिसकर्मियों को इस दौरान चोट भी आई। जिनका इलाज दानापुर अनुमंडल अस्पताल में किया गया है। स्टेशन परिसर घंटों तक रणभूमि बना रहा और दहशतजदा यात्री दुबके रहे। पुलिस दौड़-दौड़ कर छात्रों पर कार्रवाई कर रही थी और हाथ में पत्थर लिए छात्र पुलिसवालों को निशाना बना रहे थे।


