दरभंगा में आवारा कुत्तों का खौफनाक आतंक, 10 साल की मासूम को नोच-नोचकर मार डाला
Bihar News: दरभंगा के बहादुरपुर में गुरुवार दोपहर आवारा कुत्तों के झुंड ने 10 वर्षीय छात्रा अन्नू कुमारी को नोच-नोचकर मार डाला। बच्ची अपने ननिहाल में रहकर छठी कक्षा में पढ़ती थी।

Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बहादुरपुर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर गली नंबर 2 में गुरुवार की दोपहर आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 10 साल की एक मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब आधा दर्जन खूंखार कुत्तों ने बच्ची को इस कदर नोचा कि उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। बेटी की इस तरह हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोपहर 1 बजे हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह रूह कंपा देने वाली वारदात गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घटी। बच्ची जब गली से गुजर रही थी, तभी अचानक आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने मासूम को बुरी तरह से नोच डाला। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह कुत्तों को भगाकर उसकी जान बचाने की कोशिश की। लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस खून से लथपथ बच्ची को आनन-फानन में डीएमसीएच लेकर गई, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ननिहाल में रहकर छठी कक्षा में पढ़ती थी अन्नू
मृतका की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के जोरजा-चक्का निवासी भारत सहनी की 10 वर्षीय पुत्री अन्नू कुमारी के रूप में हुई है। अन्नू अपनी मां अंबिका देवी के साथ बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमीघाट स्थित अपने ननिहाल में रहती थी और वहीं रहकर छठी कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता भारत सहनी परिवार का भरण-पोषण करने के लिए परदेस में रहकर मजदूरी करते हैं। इस मनहूस खबर के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। बहादुरपुर के थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिसमें कुत्तों के हमले में बच्ची की मौत होने की बात स्पष्ट रूप से कही गई है। पुलिस कागजी कार्रवाई कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।


