RJD सुप्रीमो लालू यादव के करीबी रहे अखिलेश सिंह को कांग्रेस ने क्यों बनाया बिहार प्रदेश अध्यक्ष ?
अखिलेश सिंह राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते हैं। वर्ष 2004 में वह राजद पार्टी से मोतिहारी से लोकसभा चुनाव जीते थे। हालांकि, वर्ष 2009 और 2014 लोकसभा का चुनाव वह हार गये थे।

इस खबर को सुनें
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये हैं। अखिलेश सिंह राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते हैं। वर्ष 2004 में वह राजद पार्टी से मोतिहारी से लोकसभा चुनाव जीते थे। हालांकि, वर्ष 2009 और 2014 लोकसभा का चुनाव वह हार गये थे।
बिहार में महागठबंधन का ढांचा तैयार करने में और बड़े दलों को महागठबंधन में बनाए रहने में अखिलेश प्रसाद सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह 15 मार्च 2018 को बिहार से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
अखिलेश सिंह बने कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष, मदन मोहन झा की छुट्टी
अखिलेश प्रसाद सिंह वर्ष 2004 से 2009 तक डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे। इस दौरान उन्हें कृषि और उपभोक्ता मामले के मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी। इससे पहले वह वर्ष 2000 में अरवल से विधानसभा का चुनाव भी जीते थे और वह बिहार में स्वास्थ्य राज्य मंत्री बने।
60 वर्षीय अखिलेश प्रसाद सिंह पटना विश्वविद्यालय से एमएससी और पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 2015 का विधानसभा चुनाव वह तरारी से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप लड़े थे, पर हार गये। वर्ष 2018 में कांग्रेस ने उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजी। वह अरवल जिले के निवासी हैं।