
दुकान पर सिगरेट मांगी और गोलियों से भून दिया, वैशाली मर्डर का VIDEO आया सामने
मृतक अजय के पॉलिटिकल कनेक्शन काफी अच्छे हैं। आरजेडी, बीजेपी समेत अन्य पार्टी के नेताओं से उनकी जान-पहचान थी। वह डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के करीबी थे। पत्नी पंचायत समिति की सदस्य है।
बिहार के वैशाली में शनिवार सुबह बिजली कर्मचारी अजय तिवारी की हत्या का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि अजय तिवारी अपनी दुकान में बैठे हुए थे। तभी हमलावर आए और सिगरेट मांगी। जब तक नौकर सिगरेट निकालकर देता हमलावरों ने गन निकालकर अजय तिवारी पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने ताबड़तोड़ तीन-चार गोलियां दाग दीं। वापस लौटकर आए, दो गोलियां और मारी। अजय की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात हाजीपुर-लालगंज रोड पर केदार चौक के पास की है। मृतक अजय तिवारी बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर काम करते थे और परचून की दुकान भी चलाते थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में गोलीबारी करने वाले दो अपराधी नजर आ रहे हैं। हालांकि, उनका चेहरा ढंका हुआ है इसलिए अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
अजय तिवारी का पॉलिटिकल कनेक्शन
मृतक अजय के पॉलिटिकल कनेक्शन काफी अच्छे हैं। आरजेडी, बीजेपी समेत अन्य पार्टी के नेताओं से उनकी जान-पहचान थी। वह डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के करीबी थे। उनकी पत्नी पंचायत समिति की सदस्य हैं। 2009 में अजय के पिता की भी इसी तरह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बीजेपी विधायक ने पुलिस पर उठाए सवाल
बीजेपी विधायक अवधेश सिंह वारदात की सूचना के बाद हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों का मनोबल ऊंचा है। पुलिस दारू और बालू के क्लेक्शन में लगी है। पुलिस अपराधियों पर कोई कारवाई नहीं कर पा रही है।
पुलिस क्या बोली?
वारदात के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने शनिवार सुबह सड़क पर भी जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। सदर एसडीपीओ ओम प्रकाश का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की खोजबीन जारी है, जल्द से जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।



