ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबनी रणनीति: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 को बिहार में, वैशाली में होगी जनसभा

बनी रणनीति: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 को बिहार में, वैशाली में होगी जनसभा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 16 जनवरी को  बिहार आएंगे। एक दिवसीय दौरे में वे नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के मसले पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी से...

बनी रणनीति: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 को बिहार में, वैशाली में होगी जनसभा
पटना हिन्दुस्तान टीमSun, 05 Jan 2020 09:45 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 16 जनवरी को  बिहार आएंगे। एक दिवसीय दौरे में वे नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के मसले पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक उनकी यह सभा वैशाली में हो सकती है।

सीएए के मसले पर भाजपा देशव्यापी जागरूकता सह सम्पर्क अभियान चला रही है। पांच जनवरी से बिहार सहित पूरे देश में इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है। विभिन्न स्थानों पर सम्पर्क अभियान कार्यक्रम सह सेमिनार व परिचर्चा का आयोजन हो रहा है। पार्टी ने घर-घर जाकर इस मसले पर लोगों को शिक्षित व जागरूक करने का निर्णय लिया। बिहार में पार्टी के राज्य व राष्ट्रीय स्तर के नेता जनसम्पर्क अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बिहार आने पर अपनी सहमति दे दी है। 

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी देवेश कुमार ने कहा कि वैशाली में भाजपा अध्यक्ष की सभा कहां होगी, यह अभी तय नहीं है। पार्टी जल्द इस पर निर्णय ले लेगी। लोकसभा चुनाव के बाद बिहार दौरे पर आ रहे भाजपा अध्यक्ष के आगमन की सूचना के बाद पार्टी उनके स्वागत में जुट गई है। पार्टी की कोशिश है कि पटना में पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक बैठक भी भाजपा अध्यक्ष करें। खासकर चुनावी साल में पार्टी की ओर से अपनाई जाने वाली रणनीति पर मंथन हो। 

अमित शाह के आगमन को लेकर बनी रणनीति
भाजपा अध्यक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आगमन को देखते हुए रविवार को बिहार भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। देर शाम प्रदेश कार्यालय में हुई इस बैठक में बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल के अलावा उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह व नित्यानंद राय सहित प्रमुख नेता शामिल हुए। पार्टी नेताओं के अनुसार 16 जनवरी को प्रस्तावित भाजपा अध्यक्ष के बिहार दौरा  को लेकर कोर कमेटी की बैठक हुई है। अध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल का चयन से लेकर पार्टी की ओर से की जाने वाली सभी तैयारियों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि एक विशेष कमेटी बनेगी जिसमें सदस्यों को अध्यक्ष के आगमन से जुड़ी जिम्मेवारियां दी जाएगी। पटना से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सीएए के पक्ष में पार्टी की ओर से बैनर-पोस्टर भी लगाया जाएगा। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें