100 से अधिक नक्सली पोस्टरों के साथ दो नक्सलियों को किया गिरफ्तार
नक्सली पोस्टरों के साथ मंगलवार को दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नक्सलियों में अम्बा थाना के परता गांव निवासी आलोक पांडेय और देव थाना क्षेत्र के देवा बिगहा गांव निवासी दारा भुइयां...
नक्सली पोस्टरों के साथ मंगलवार को दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नक्सलियों में अम्बा थाना के परता गांव निवासी आलोक पांडेय और देव थाना क्षेत्र के देवा बिगहा गांव निवासी दारा भुइयां उर्फ राजकिशोर भुइयां शामिल हैं। दोनों को नक्सली साहित्य और पोस्टरों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ और देव पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद रास्ते में जांच की जा रही थी। दोनों को बाइक से आता देख टीम ने रूकने का इशारा किया। बोरी की जांच की गई तो उसमें सौ से अधिक पोस्टर मिले जो चुनाव बहिष्कार से संबंधित थे। दोनों को पूछ ताछ के लिए देव थाना में रखा गया है।
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल उनसे पूछ ताछ की जा रही है। नक्सली साहित्य और पोस्टर बरामद हुए हैं। दारा भुइयां पूर्व में भी 2-3 बार नक्सली कांडों में जेल जा चुका है और वर्तमान में प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओ के लिए काम कर रहा था। आलोक पांडेय को पूर्व में भी जेल भेजा गया था। विदित हो कि आलोक पांडेय भ्रष्टाचार प्रतिरोध संघर्ष मोर्चा नाम के संगठन से जुड़ कर काम करता है।
चकमा देने का हुआ प्रयास
गिरफ्तारी के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने चकमा देने का भी प्रयास किया था। जांच के क्रम में पकड़े जाने पर आलोक पांडेय ने खुद को पत्रकार बताया और जाने देने की बात कही। सुरक्षा बलों और पुलिस अधिकारियों ने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी और जब सत्यापन किया गया तो यह बात गलत निकली। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।