
शिवहर में प्रत्याशी श्रीनारायण सिंह हत्याकांड में बाबू साहेब समेत दो और गिरफ्तार
संक्षेप: शिवहर में चर्चित विधानसभा प्रत्याशी श्रीनारायण सिंह हत्याकांड में फरार चल रहा तीसरा हमलावर बाबू साहेब झा उर्फ कृष्ण कुमार झा भी गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसपी संतोष कुमार द्वारा गठित टीम ने...
शिवहर में चर्चित विधानसभा प्रत्याशी श्रीनारायण सिंह हत्याकांड में फरार चल रहा तीसरा हमलावर बाबू साहेब झा उर्फ कृष्ण कुमार झा भी गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसपी संतोष कुमार द्वारा गठित टीम ने पुरनहिया थाना के अशोगी गांव स्थित चेकपोस्ट से बाबू साहेब झा को उसके एक सहयोगी पुरुषोत्तम कुमार मिश्र के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने इन बदमाशों से दो लोडेड पिस्टल, आठ कारतूस, दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त तीन बाइक भी बरामद किया है।
इनमें बाबू साहेब झा सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना के मानिकचौक पश्चिमी का रहने वाला है। जबकि, पुरुषोत्म कुमार मिश्र सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना के सरसौला का रहने वाला है। पूछताछ में दोनों ने 24 अक्टूबर को हुए श्रीनारायण सिंह और संतोष कुमार की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी संतोष कुमार ने बताया कि श्रीनारायण सिंह हत्याकांड को सात बदमाशों ने अंजाम दिया था। इनमें तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन अभी फरार चल रहा है। जबकि, एक ग्रामीणों की पिटाई से मारा जा चुका है। एसपी ने बताया कि वारदात में शामिल सभी बदमाशों को शीघ्र दबोचा जाएगा। बताया कि गिरफ्तार बाबू साहेब झा और पुरुषोत्तम कुमार मिश्रा ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बताया हैं कि वारदात को तीन बाइक पर सवार सात अपराधियों ने अंजाम दिया था। इनमें गौरीशंकर महाराज, नीरज पाठक, पुरुषोत्तम कुमार मिश्र व बाबू साहेब झा के अलावा तीन अन्य बदमाश भी शामिल थे। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने सरसौला गांव में छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त होंडा साइन, ग्लैमर और यामहा बाइक भी बरामद कर ली थी। दोनों की निशानदेही पर पुलिस की टीमें अन्य तीन बदमाशों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। दोनों ने पुलिस को बताया कि संतोष झा की हत्या में श्रीनारायण सिंह शामिल थे।
संतोष झा गैंग के सरगना विकास झा उर्फ कालिया द्वारा संतोष की हत्या का बदला लेने का प्रण किया गया गया है। इस क्रम में विकास द्वारा तिहाड़ जेल में श्रीनारायण सिंह की हत्या की साजिश रची गई थी। वहीं हत्या के लिए इन्हीं सात बदमाशों को सुपारी दी थी। लिहाजा, बदमाशों की टीम पिछले कई महीनों से श्रीनारायण सिंह का पीछा कर रही थी। इस क्रम में 24 अक्टूबर को जनसंपर्क के दौरान श्रीनारायण सिंह पर हमला किया गया।
यह हैं मामला
शिवहर विधानसभा सीट से जनता दल राष्ट्रवादी के प्रत्याशी सह डुमरी प्रखंड के नयाटोला निवासी श्रीनारायण सिंह की 24 अक्टूबर की शाम पुरनहिया थाने के हथसार गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में हथसार निवासी संतोष कुमार भी मारा गया था। जबकि, हथसार निवासी आलोक रंजन और नयागांव निवासी अभय सिंह नामक दो समर्थक जख्मी हुए थे। दोनों का सीतामढ़ी के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों में से एक सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना के मानिकचौक निवासी गौरीशंकर महाराज उर्फ किशन झा को स्थानीय लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला था। जबकि, सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना के बथनाहा पूर्वी निवासी नीरज पाठक पिस्टल के साथ पकड़ा गया था। लोगों ने बंधक बना उसकी भी जमकर पिटाई की थी।
थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने नीरज पाठक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराते हुए अस्पताल में भर्ती कराया था। पूछताछ में नीरज पाठक ने पूरे मामले का उदभेदन करते हुए वारदात में शामिल बदमाशों के बारे में जानकारी दी थी। जबकि, घटना की बाबत श्रीनारायण सिंह के भाई सत्यनारायण सिंह ने पुरनहिया थाने में नीरज पाठक, गौरी शंकर महाराज और बाबू साहेब झा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
वहीं पुलिस ने नीरज पाठक के खिलाफ आर्म्स एक्ट की प्राथमिकी दर्ज की थी। गौरी शंकर महाराज की पीट-पीट कर हत्या मामले में भी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद से पुलिस की टीमें बाबू साहेब झा की तलाश में जुटी थी। इस क्रम में गुरुवार को पुरनहिया थाना के अशोगी स्थित चेकपोस्ट पर वाहन तलाशी अभियान के साथ दोनों एक-एक पिस्टल व आठ कारतूस के साथ दबोचे गए। पूछताछ में बाबू साहेब झा और पुरुषोत्तम कुमार मिश्रा की पहचान हुई। इसके बाद दोनों को एसपी के समक्ष लाया गया। जहां दोनों ने वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की भी जानकारी दी। इधर, घटना के बाद इलाके में श्रीनारायण सिंह के समर्थकों में आक्रोश बरकरार है। साथ ही इलाके में गैंगवार के आसार बढ़ गए है।





