ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारपटना में ट्रिपल मर्डर: नाना नहीं होते तो पापा हमें भी मार देते...

पटना में ट्रिपल मर्डर: नाना नहीं होते तो पापा हमें भी मार देते...

नाना नहीं होते तो पापा हमें भी गोली मार देते, नाना हमलोगों को लेकर दूर चले गये, पापा ने पहले मौसी फिर मम्मी को गोली मार दी...। खेलने-कूदने की उम्र में इस खूनी मंजर को देखने वाले फौजी विष्णु के मासूम...

विराट और वैभव
1/ 2विराट और वैभव
डिंपल, विष्णु और दामिनी
2/ 2डिंपल, विष्णु और दामिनी
पटना हिन्दुस्तान टीमMon, 02 Dec 2019 01:23 AM
ऐप पर पढ़ें

नाना नहीं होते तो पापा हमें भी गोली मार देते, नाना हमलोगों को लेकर दूर चले गये, पापा ने पहले मौसी फिर मम्मी को गोली मार दी...। खेलने-कूदने की उम्र में इस खूनी मंजर को देखने वाले फौजी विष्णु के मासूम बच्चों ने ये बातें बताईं तो वहां खड़े लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। सात साल का विराट और छह साल का वैभव बार-बार अपने मां-बाप को देखकर रो रहा था। पास खड़े परिजन किसी तरह उन्हें चुप कराते। खून से लथपथ तीनों शवों को देखकर हर किसी का कलेजा सिहर उठा। बच्चों ने यह भी बताया कि रात तक सब कुछ ठीक था। 

पहली गोली चलते ही बढ़ गयी मिथिलेश की धड़कनें 
पहली गोली चलते ही गाड़ी चला रहे फौजी के चचेरे ससुर मिथिलेश की धड़कनें बढ़ गयीं। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो डिंपल खून से लथपथ थी। मिथिलेश के मुताबिक, उन्होंने अपनी गाड़ी किसी तरह सड़क के किनारे लगायी और विष्णु को रोकने की कोशिश की। मगर उसने उन्हें भी धमकी दी। विष्णु बेहद गुस्से में था। उस पर सनक सवार थी। उसने अपनी पत्नी को भी गोली मार दी। यह देख उन्हें मासूम बच्चों का ख्याल आया और वे दोनों को लेकर वहां से निकल गए। फिर कुछ देर बाद एक और गोली की आवाज सुनाई दी, जिससे विष्णु ने खुद को मार ली। 

23 को उठी थी डोली लेकिन..
बीते 23 नवंबर को ही डिंपल के हाथ पीले हुए थे। डिंपल की डोली उठते वक्त किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि ये खुशियां चंद दिनों की मेहमान हैं। इस घटना के बाद डिंपल के पति और उसके ससुराल वाले भी सदमे में हैं।  पालीगंज के डीएसपी मनोज पांडेय ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह बात सामने आयी है कि आर्मी के जवान ने पहले अपनी पत्नी और साली को गोली मारी फिर खुद को भी उड़ा लिया। पुलिस जांच जुटी हुई है। 

फौजी ने पहले साली को मारी गोली
गाड़ी के चालक और रिश्ते में ससुर लगने वाले मिथिलेश की बातों पर यकीन करें तो गाड़ी में किसी के बीच झगड़ा नहीं हुआ। सैदाबाद के नजदीक जैसे ही गाड़ी पहुंची, अचानक दामाद विष्णु ने पिस्टल निकाल ली और उनकी भतीजी (साली) डिंपल को गोली मार दी। जब उसकी पत्नी दामिनी ने रोकना चाहा तो उसने उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी।   डरकर वे दोनों बच्चों को लेकर कुछ दूर पीछे हट गये। तब तक विष्णु ने खुद को उड़ा लिया। 

गोलियों की आवाज सुन पहुंचे मजदूर 
जैसे ही कार अरवल की ओर से सैदाबाद सोन नहर पथ पर पहुंची, वैसे ही फायरिंग की आवाज आने लगी। सुनकर आसपास के खेतों में धान काट रहे मजदूर दौड़े-भागे मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डेंगू के कारण डिप्रेशन में था जवान
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि डेढ़ महीने पहले विष्णु को डेंगू हुआ था। तब से वह डिप्रेशन में था। कभी-कभी रात में उठकर वह चिल्लाने लगता था। इसी का इलाज कराने परिजन जवान को लेकर पटना आ रहे थे। 

एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची
घटना के बाद पुलिस की सूचना पर एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल ने जरूरी साक्ष्य मौके से इकट्टा किये हैं। शव की जांच फोरेंसिक टीम ने भी की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

दस दिन पहले घर में बजी थी शहनाई
भोजपुर के तरारी निवासी शिक्षक दंपती सुरेश कुमार शर्मा व विमला देवी के घर में इसी 22 नवंबर को शहनाई बजी थी। उस दिन काफी धूमधाम से शिक्षक दंपती की छोटी बेटी खुशबू की शादी हुई थी। खुशबू सासाराम में जीविका में सुपरवाइजर थी।
खुशियों का माहौल था, लेकिन यह खुशी दस रोज भी नहीं टिक सकी।  रविवार को शिक्षक दंपती की दो बेटियों की दामाद ने हत्या कर दी। दामाद ने भी खुदकुशी कर ली। इस घटना की सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया। दस रोज पहले जिस घर में शहनाई गूंजी थी, वहां कोहराम मचा हुआ था। 

परीक्षा देने मायके आ गयी थी खुशबू 
खुशबू की शादी 22 को रोहतास जिले के नोखा निवासी शिक्षक पवन कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद अगले दिन 23 को वह अपने पति के साथ ससुराल गयी थी। वहां महज तीन दिन रहने के बाद ही वह परीक्षा देने के लिए पति के साथ मायके आ गयी।  खुशबू की मां  विमला देवी तरारी अपग्रेड हाई स्कूल की हेडमास्टर हैं। पिता सुरेश कुमार शर्मा भी बडकागांव कन्या मिडिल स्कूल के हेडमास्टर हैं। चाचा विनोद शर्मा, लालबहादुर शर्मा, वीरबहादुर शर्मा, पुनीत  और तीन चाची भी शिक्षिका हैं।

सात साल पहले दामिनी ने लिये थे सात फेरे
दामिनी ने जिसके साथ सात जन्मों का साथ निभाने के लिए फेरे लिये। उसी ने उसे मार डाला। बेटे व बहू की मौत की सूचना मिलते ही बूढ़ी मां गीता देवी अचेत हो गयी। बेटे व बहू के वियोग में उसकी हालत बिगड़ गयी। छोटी बहन निशु भी बिलख रही है। फौजी विष्णु शर्मा की शादी 2012 में तरारी निवासी दामिनी के साथ हुई थी। दोनों को दो बेटे भी हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें