ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारत्योहार पर भी नहीं डिगा आधी आबादी का जोश, वोटिंग के लिए दिखी महिलाओं की कतार

त्योहार पर भी नहीं डिगा आधी आबादी का जोश, वोटिंग के लिए दिखी महिलाओं की कतार

बिहार में पंचायत चुनाव के छठे चरण का मतदान सुबह से ही हो रहा है। छोटी दीपावली जैसे त्योहार के बाद भी वोटिंग को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। खासकर आधी आबादी यानी महिलाएं बड़ी संख्या में वोट देने बाहर...

त्योहार पर भी नहीं डिगा आधी आबादी का जोश, वोटिंग के लिए दिखी महिलाओं की कतार
किशनगंज। हिन्दुस्तान प्रतिनिधिWed, 03 Nov 2021 03:46 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

बिहार में पंचायत चुनाव के छठे चरण का मतदान सुबह से ही हो रहा है। छोटी दीपावली जैसे त्योहार के बाद भी वोटिंग को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। खासकर आधी आबादी यानी महिलाएं बड़ी संख्या में वोट देने बाहर निकली हैं। कई बूथों पर महिलाओं की कतार सुबह से ही देखी जा रही है। दोपहर एक बजे तक वोट प्रतिशत भी पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का ज्यादा है। 

किशनगंज में दिघलबैंक प्रखंड में हुए पंचायत चुनाव में बुधवार को महिलाओं ने वोटिंग में जमकर दम दिखाया। छोटी दीपावली के दिन हो रही वोटिंग के बावजूद महिलाओं का जोश कम नहीं हुआ। घर के कामकाज छोड़कर महिलाएं सुबह से ही कतार में लगकर वोटिंग करने पहुंची। धनतेरस व दीपावली में व्यस्त रहने के बाद भी महिलाओं ने लोकतंत्र के महापर्व मतदान को महत्व दिया। अधिकतर बूथों पर पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की की कतार दिखी। मतदान प्रतिशत भी पुरुषों से ज्यादा महिलाओं का दिखा। 

महिलाओं की सुबह से कतार देखकर ऐसा लगा कि महिलाओं ने पहले मतदान फिर जलपान करने की ठान रखी थी। इसमें वे सफल भी हुई। खासकर 18 पार कर चुके पहली बार वोटिंग करने वाली युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह दिखा। यहां के उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित बूथ नं. 173 पर तो सुबह से ही महिलाएं कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती रही। एक तरफ पुरुष तो दूसरी तरफ महिलाओं की लंबी कतार थी। मध्य विद्यालय धनगढ़ा के बूथ नं. 159 पर भी सुबह 7.50 बजे ही महिलाओं की लंबी कतार दिखी। प्राथमिक विद्यालय टप्पू के बूथ नं. 94, बूथ नं. 95 में तो पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की ही कतार दिखी।

यहां तक कि वृद्ध महिला मतदाता भी वोट डालने में पीछे नहीं रहे। कोई लाठी के सहारे तो कोई अपने परिजनों के गोद में बैठकर वोट डालने मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई मतदान केंद्रों की स्थिति थी कि मतदाताओं को दो घंटे तक कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।  एक तरफ त्योहार की तैयारी पर ध्यान लगा था तो दूसरी तरफ वोट डालने का भी जोश था। पंचायत चुनाव में महिला मतदाताओं की इतनी भागीदारी ने साबित कर दिया कि अब ग्रामीण इलाके की महिलाएं भी पुरुषों से कम नहीं है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित बूथ नं. 173, मध्य विद्यालय धनगढ़ा के बूथ नं. 159 पर वोट गिराने पहुंची सुहागी देवी, रामरती देवी, अड़हुल देवी, सौम्या कुमारी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि त्योहार के बावजूद हमलोगों ने मतदान को महत्व दिया है। इसलिए सुबह से कतार में खड़े हैं। 

दीपावली की तैयारी भी करनी है। हमलोगों ने सोचा कि पहले वोट गिरा देते हैं फिर जलपान करेंगे। इसलिए वोट गिराने आए। लेकिन यहां लंबी कतार है थोड़ी देर ही सही वोट तो गिरा देंगे। जलपान तो बाद में होता रहेगा। हमलोग को जो सरकार ने वोट गिराने का अधिकार दिया है उसे क्यों छोड़ें। महिलाओं के यह शब्द बताने के लिए काफी है कि वोटिंग के प्रति महिलाओं में कितना जोश था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें