दिवाली कार्यक्रम में बवाल: 36 राउंड फायरिंग, पुलिस से छुड़ा ले गए आरोपी, एसओ समेत 4 पुलिसकर्मी घायल
पटना में दिवाली कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल में मारपीट और फायरिंग हुई। जिसमें पुलिस ने एक आरोप को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन लोगों ने रोड़ेबाजी कर आरोपी को छुड़ा लिया। इस दौरान एसओ समेत 4 लोग घायल हुए।

राजधानी पटना के धनरुआ के पभेड़ी मोड़ पर सोमवार को दिवाली पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के उद्घाटन के विवाद में दोनों गुट भिड़ गये। इस दौरान मारपीट के बाद तोबड़तोड़ फायरिंग की गई। दूसरे दिन मंगलवार को भी दोनों गुट भिड़ गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक गुट के एक युवक को हिरासत में लिया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस पर रोड़ेबाजी करते हुए युवक जबरन छुड़ा लिया। रोड़ेबाजी में थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी, एक मुखिया प्रतिनिधि व अन्य दो लोग घायल हो गए।
मसौढ़ी के एएसपी शुभम आर्य आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तब जाकर स्थिति नियंत्रित हुई। सोमवार की रात पभेड़ी मोड़ पर स्थानीय लोगों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्घाटन को लेकर एक गुट विधायक रेखा देवी के पक्ष में था तो दूसरा गुट आयोजन समिति के सदस्य श्याम गोप के पक्ष में था। कार्यक्रम शुरू होने के दौरान विधायक रेखा देवी मौके पर पहुंची और उद्घाटन कर लौट गईं। इसे लेकर श्याम गोप के लोग आक्रोशित हो गए। हंगामा करने लगे। मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई।
बीचबचाव कर रहे देवदहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार का सिर फट गया। पुलिस मौके पर पहुंची, आयोजकों पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं लेने का आरोप लगा बंद करा दिया। लेकिन घटना के दूसरे दिन एक गुट के कल्लू यादव लोगों के साथ पभेड़ी मोड़ पहुंचा। श्याम गोप के गुट के मखदुमपुर निवासी अजय यादव को उसके भाई को दुकान पर पकड़ लिया। मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया। दोनों गुट भिड़ गये। जमकर फायरिंग शुरू हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि फायरिंग व रोड़ेबाजी करने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हमला करने को लेकर आरोपितों के खिलाफ पुलिस के बयान पर एक अलग से प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
प्रत्यशदर्शियों का कहना है कि 36 राउंड हुई। धनरुआ थानाध्यक्ष राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपित मखदुमपुर के गुड्डू कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस के इस कार्रवाई से लोग आक्रोशित हो गए। पुलिस के सामने ही फायरिंग करते हुए रोड़ेबाजी शुरू कर दी। आरोपित गुड्डू को पुलिस से जबरन छुड़ा लिया। रोड़ेबाजी में सब इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार व होम गार्ड का जवान मनोज सिंह सहित तीन घायल हो गए। इसमें मनोज सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं जख्मी मखदुमपुर के अजय यादव को भी पीएमसीएच रेफर किया गया है।