ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारRJD का ऑफर, NDA छोड़ महागठबंधन में शामिल हो JDU, तेजस्वी को सीएम बनाएं नीतीश कुमार

RJD का ऑफर, NDA छोड़ महागठबंधन में शामिल हो JDU, तेजस्वी को सीएम बनाएं नीतीश कुमार

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ राजद नेता उदय नारायण चौधरी व पार्टी नेता विजय प्रकाश ने जदयू को एनडीए छोड़कर विपक्ष के साथ आने का ऑफर दिया है। अरुणाचल प्रदेश में जदयू विधायकों को भाजपा में...

RJD का ऑफर, NDA छोड़ महागठबंधन में शामिल हो JDU, तेजस्वी को सीएम बनाएं नीतीश कुमार
पटना, हिन्दुस्तान टीमTue, 29 Dec 2020 11:08 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ राजद नेता उदय नारायण चौधरी व पार्टी नेता विजय प्रकाश ने जदयू को एनडीए छोड़कर विपक्ष के साथ आने का ऑफर दिया है। अरुणाचल प्रदेश में जदयू विधायकों को भाजपा में शामिल किए जाने के प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार खुद पीएम बनें और तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाएं।

उदय नारायण चौधरी और विजय प्रकाश ने कहा कि भाजपा द्वारा किए जा रहे अपमान के बाद अब नीतीश कुमार जी को फैसला लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे बिहार में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप दें। बदले में राजद उन्हें विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने को तैयार है। विजय प्रकाश ने कहा कि नीतीश कुमार को दिल्ली जाकर बिहार में तेजस्वी यादव के लिए रास्ता साफ करना चाहिए। वहीं, कांग्रेस के विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा ने राजद नेताओं के इस सुझाव को हास्यास्पद बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को भाजपा के साथ सरकार चला रहे व्यक्ति को ऐसे ऑफर देने से परहेज करना चाहिए। कहा कि नीतीश कुमार यदि भाजपा के साथ असहज हैं तो फैसला उन्हें लेना है।

बकवास कर रहा राजद, 2025 तक इंतजार करे : जदयू  
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने राजद के ऑफर को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि राजद बकवास कर रहा है। चुनावी हार से वे लोग परेशान हैं। अपनी हार राजद पचा नहीं पा रहा है। चुनाव के नतीजों ने उनके सपनों को धराशायी कर दिया। श्री सिंह ने कहा कि राजद को सत्ता में आने के लिए अभी 2025 तक का इंतजार करना चाहिए। इसके बाद वे नए सिरे से कोशिश करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें