ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार: उफनाई नदियां, कई गांवों में फैला पानी, सड़कें भी कटी

बिहार: उफनाई नदियां, कई गांवों में फैला पानी, सड़कें भी कटी

पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश और नेपाल के जलाधिग्रहन क्षेत्र से छोड़े जा रहे पानी के कारण अररिया जिले से होकर गुजरी परमान, बकरा, नुना, कनकई समेत सभी छोटी बड़ी नदियां उफान पर हैं। दोनों...

बिहार: उफनाई नदियां, कई गांवों में फैला पानी, सड़कें भी कटी
अररिया। हिंदुस्तान टीमFri, 12 Jul 2019 11:49 AM
ऐप पर पढ़ें

पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश और नेपाल के जलाधिग्रहन क्षेत्र से छोड़े जा रहे पानी के कारण अररिया जिले से होकर गुजरी परमान, बकरा, नुना, कनकई समेत सभी छोटी बड़ी नदियां उफान पर हैं। दोनों प्रमुख नहरों में भी पानी भरकर उफनाने की स्थिति में है। फारबिसगंज शहर की सभी सड़कें जलमग्न हो गई हैं। बड़ी संख्या में दुकानों व मकानों में पानी घुस गया है। आवागमन भी प्रभावित है। स्कूल बसें भी प्रभावित होने के कारण अघोषित रूप से स्कूल बंद हैं। परमान नदी में जलस्तर बढ़ने से बघुआ सहित कई गांव में पानी फैल गया है। सीमा सड़क के ऊपर पानी बह रहा है। आवागमन ठप है। गांव के लोग सीमा सड़क पर ठिकाना ढूंढने लगे हैं। आंतरिक सुरक्षा को लेकर सीमा सड़क महत्वपूर्ण है। भेड़ियारी स्थित एसएसबी बीओपी में भी पानी घुस गया है। एसएसबी अलर्ट पर है। बथनाहा गुड्स यार्ड में पानी घुस गया है। रख रखाव में परेशानी हो रही है।

वहीं, पलासी प्रखंड के कई गांवों में बकरा नदी का पानी फैल गया है। प्रखंड के मेहरो चौक से धर्मगंज जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पीपरा कोठी गांव के समीप बाढ़ में कट गई है। पलासी में बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है। पलासी डेहटी पथ पर चरयारी डायवर्सन पर बाढ़ का पानी बह रहा है। आवागमन बंद है। प्रखंड के पिपरा बिजवार, धर्मगंज, डेहटी उत्तर तथा डेहटी दक्षिण पंचायत में बकरा नदी में बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है। सीओ विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि इस बाढ़ के बारे में वह डीएम से मिलकर अवगत कराते हुए इसकी सूचना जिला आपदा प्रबंधन विभाग पटना तक भेज रहे हैं। इसके अलावा जोकीहाट, सिकटी और कुर्साकांटा प्रखंड भी बकरा और परमान नदी का पानी गांव में फैल रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें