Hindi Newsबिहार न्यूज़Politics on rationing started in Bihar between Corona virus epidemic and lockdown

कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बीच बिहार में शुरू हुई राशन पर राजनीति

कोरोना को लेकर उत्पन्न समस्याओं के बीच ही बिहार में राशन को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। राशन को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच राज्य में सत्तारूढ़ एनडीए का सहयोगी दल लोजपा ने प्रदेश सरकार को कठघरे...

Malay Ojha पटना नई दिल्लीे, हिटी, Sat, 25 April 2020 11:59 AM
share Share
Follow Us on
कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बीच बिहार में शुरू हुई राशन पर राजनीति

कोरोना को लेकर उत्पन्न समस्याओं के बीच ही बिहार में राशन को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। राशन को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच राज्य में सत्तारूढ़ एनडीए का सहयोगी दल लोजपा ने प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बाद अब लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने भी राज्य सरकार पर गरीबों की सूची नहीं भेजने का आरोप लगाया है। उधर, जदयू नेता व सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने ऐसे कठिन समय में चिराग पासवान पर ब्लेम गेम का आरोप लगाया है।  वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने आरोप लगाया है कि लोग परेशान हैं और सरकार राजनीतिक नफा-नुकसान देख रही है। 
रामविलास पासवान ने कहा है कि बिहार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के अनुसार 8.71 करोड़ लाभुक होने चाहिए, पर अब तक  8.57 करोड़ लाभुक ही इसके दायरे में हैं। इस 14 लाख के अंतर की जानकारी 17 अप्रैल को ही उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को दी गई। मुख्यमंत्री से भी उन्होंने बचे लाभुकों की सूची भेजने का आग्रह किया है। ट्वीट कर कहा कि बिहार ने 7.4 लाख अतिरिक्त लाभुकों का नाम भेजा है, लेकिन इनके लिए सिर्फ पीएमजीकेएवाई के तहत मुफ्त वितरण के लिए अनाज की मांग की गई। लिहाजा तत्काल उसकी मंजूरी दे दी गई और आवंटन भी हो गया। 

राज्य नहीं भेज रहा सूची : चिराग 
लोजपा अध्यक्ष चिराग ने कहा कि राज्य सरकार के लाभुकों की सूची केन्द्र को नहीं भेजने के कारण उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है। उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इसमें हस्तक्षेप करेंगे और सूची जल्द भेजेंगे। ट्वीट कर कहा है कि केन्द्र ने सभी प्रदेशों से बचे हुए 39 लाख राशन कार्डधारियों की सूची जल्द भेजने को कहा है। इनमें सबसे अधिक संख्या बिहार के लाभुकों की है। बिहार में ऐसे 14.5 लाख लोग हैं। इनका नाम सूची में जोड़ना है। 

ब्लेम गेम कर रहे चिराग : अशोक
चिराग के बयान पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि चिराग ब्लेम गेम कर रहे हैं। ऐसे कठिन समय में इस प्रकार की राजनीति ठीक नहीं। उन्हें गठबंधन की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। चिराग को आंकड़ों की जानकारी नहीं है। बिहार सरकार ने पहले ही फैसला ले लिया है, जिनका राशन कार्ड नहीं उनको भी लाभ मिलेगा।  

तेजस्वी ने कहा, राशन वितरण की विफलता स्वीकारी 
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा कि रामविलास पासवान भी बिहार में राशन वितरण में हो रही समस्याओं व विफलताओं को स्वीकार करते हैं। वह तो यह दावा कर रहे है कि बिहार को नियमित आवंटन से कहीं अधिक खाद्यान्न दिया गया है फिर भी वितरण में बिहार फिसड्डी है। कहा, महामारी के दौर में गरीब भूखे मर रहे हैं व अनाज गोदामों में सड़ रहा है। जनता भ्रमित राज्य सरकार की प्राथमिकताएं समझ नहीं पा रही है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें