पटना गैंगरेप मर्डर: मौत से जंग लड़ रही दूसरी बच्ची, छुट्टे घूम रहे रेपिस्ट; आखिर क्या कर रही बिहार पुलिस?
लड़कियों की मां के बयान पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आईपीसी की धारा 302, 376एबी, 307, 120बी और पोक्सो एक्ट में कांड दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपी की पहचान भी नहीं हो पाई है।

बिहार की राजधानी पटना में 8 साल और 12 साल की बच्चियों के साथ गैंगरेप और एक लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या की जघन्य वारदात में 45 घंटे बाद भी बिहार पुलिस के हाथ खाली हैं। दरअसल अभी तक पुलिस यह अंदाजा भी नहीं लगा पाई है कि किन लोगों ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यह हाल तब है जब बुधवार को घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पटना आरा हाईवे को 6 घंटे तक जाम रखा। दुष्कर्म की शिकार दूसरी बच्ची अभी भी बेहोश है। उसकी हालत नाजुक है। पटना एम्स में उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को महादलित परिवार की दो लड़कियां जिनकी उम्र 8 साल और 12 साल है, जलावन चुनने के लिए घर से निकलीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए। स्थानीय फुलवारी शरीफ थाना को इसकी सूचना भी दी गई। लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को हिंदुनी गांव में एक लड़की की लाश मिली जबकि दूसरी लड़की उसी जगह बेहोश पड़ी थी। दोनों के शरीर खून से लथपथ थे क्योंकि उनके साथ बदमाशों ने गैंगरेप किया था।
पटना एएसपी विक्रम सिहाग ने बताया है कि इस मामले में लड़कियों की मां के बयान पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आईपीसी की धारा 302, 376एबी, 307, 120बी और पोक्सो एक्ट के तहत कांड दर्ज किया गया है। एसपीसी सिहाग ने बताया के अभी तक पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच की रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस उसका इंतजार कर रही है। जो बच्ची अचेतावस्था में है उसकी रिकवरी के बाद घटना में और जानकारी मिल पाएगी। आरोपियों के गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।