ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारपहले दिन बिहार में नहीं शुरू हुई धान की खरीद, किसानों का नहीं हो सका है ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

पहले दिन बिहार में नहीं शुरू हुई धान की खरीद, किसानों का नहीं हो सका है ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

तमाम घोषणाओं के बावजूद 15 नवंबर से राज्य में धान खरीद शुरू नहीं हो पाई। कहीं किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया है तो कहीं मिल मालिकों से पैक्स का एग्रीमेंट। कई पैक्सों के खाते में पैसा भी...

पहले दिन बिहार में नहीं शुरू हुई धान की खरीद, किसानों का नहीं हो सका है ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
हि.टी.,मुजफ्फरपुर भागलपुर पटनाWed, 15 Nov 2017 09:00 PM
ऐप पर पढ़ें

तमाम घोषणाओं के बावजूद 15 नवंबर से राज्य में धान खरीद शुरू नहीं हो पाई। कहीं किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया है तो कहीं मिल मालिकों से पैक्स का एग्रीमेंट। कई पैक्सों के खाते में पैसा भी नहीं पहुंचा है। 
हालांकि सहकारिता विभाग के अनुसार किसी भी क्रय केन्द्र पर बुधवार को किसान धान बेचने के लिए नहीं पहुंचे। धान की सरकारी खरीद की शुरुआत बुधवार से होनी थी। सरकारी स्तर पर पैक्सों को इसके लिए पैसा भी भेज दिया गया है, लेकिन अभी किसान कटनी में ही व्यस्त हैं।
धान खरीद में सबसे बड़ा रोड़ा किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाना है।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए इस बार आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। जिन किसानों ने आधार नहीं बनवाया है, वे रजिस्ट्रेशन नहीं करा पा रहे हैं। पहले से रजिस्टर्ड किसानों को भी आधार अपडेट कराना अनिवार्य है। किसानों का रजिस्ट्रेशन नहीं होने की शिकायत राज्य के सभी जिलों से है। संयुक्त कृषि निदेशक उमेश चौधरी ने बताया कि पटना प्रमंडल में अभी धान की कटनी शुरू हुई है। एक सप्ताह में कटनी कार्य गति पकड़ेगा। ऐसे में धान खरीद में देर से हो सकती है। 31 मार्च तक धान खरीद होनी है। 
चंपारण में निर्देश ही नहीं मिला
धान के कटोरा पश्चिमी चंपारण, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में अब तक स्पष्ट निर्देश व राशि नहीं मिलने से धान खरीद पर ग्रहण लग गया है। पश्चिमी चंपारण के सहकारिता पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने बताया कि किसानों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है। जबकि समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण में देर शाम सरकार का निर्देश मिल गया।
मिल से एग्रीमेंट नहीं हुआ
नौबतपुर के इब्राहिमपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष रोहित कुमार आर्य ने बताया कि धान खरीद होने से पहले पैक्सों को मिल मालिक से एग्रीमेंट करना होता है। लेकिन अभी एग्रीमेंट नहीं हुआ है। सरकारी मानक के अनुसार धान की कुटाई और ढुलाई का पैसा पैक्स के माध्यम से मिल मालिक को दिया जाता है। 
नौबतपुर में पैक्स के एकाउंट में नहीं आया पैसा
नौबतपुर की चकचेचौल पंचायत के पैक्स अध्यक्ष राजेश्वर ने बताया कि धान खरीद के लिए अब तक पैक्स के खाते में पैसा भी नहीं आया है। धान खरीद के लिए किसी तरह का प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है। उधर, भागलपुर समेत कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार के जिलों में सहकारिता विभाग धान खरीद की तैयारी ही कर रहा है। क्रय केन्द्रों का सत्यापन किया जा रहा है। 
धान खरीद की सरकारी तैयारी पूरी हो चुकी है, लेकिन पहले दिन कहीं भी किसान क्रय केन्द्र पर नहीं पहुंचे। अगर कोई किसान पहुंचता है और उसका धान मानक के अनुसार है तो हर हाल में खरीद होगी। 
-अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव, सहकारिता विभाग   

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें