ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारकिसान आंदोलन पर नीतीश कुमार- बिहार में समस्या नहीं, तेजी से धान खरीद रही सरकार

किसान आंदोलन पर नीतीश कुमार- बिहार में समस्या नहीं, तेजी से धान खरीद रही सरकार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार की रात पत्रकारों द्वारा किसान आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि बाहर क्या चल रहा है, पर बिहार में कोई समस्या नहीं है। राज्य में सरकार की ओर से तेजी से धान की...

किसान आंदोलन पर नीतीश कुमार- बिहार में समस्या नहीं, तेजी से धान खरीद रही सरकार
हिन्दुस्तान,पटनाThu, 17 Dec 2020 10:59 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार की रात पत्रकारों द्वारा किसान आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि बाहर क्या चल रहा है, पर बिहार में कोई समस्या नहीं है। राज्य में सरकार की ओर से तेजी से धान की खरीद हो रही है, आप सब देख ही रहे हैं। यहां कोई समस्या नहीं है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार की शाम करीब चार घंटे पार्टी कार्यालय में रहकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वे सवा चार बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचे और रात करीब सवा आठ बजे सीएम आवास के लिए निकले। जाते समय पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बंगाल से जुड़े कई लोग आए थे पर अभी चुनाव लड़ने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 26 और 27 दिसम्बर को जदयू के राष्ट्रीय परिषद और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पटना में बैठक होगी। पार्टी संविधान के प्रावधानों के अनुरूप यह बैठक बुलायी गयी है।

उन्होंने कहा कि कोरोना संकट की वजह से वे मिलने की इच्छा रखने वाले साथियों से भेंट करने पार्टी दफ्तर आए थे। यहां एक दूरी से बातचीत हो सकती है, जो सीएम आवास में संभव नहीं है। पहले बहुत से लोगों का दिल्ली से सम्पर्क रहता था, पर कोरोना के कारण बाहर के साथियों से भी यहीं मिलना होता है। चार घंटे पार्टी दफ्तर में रहने को लेकर उन्होंने कहा कि अभी ऐसी कोई खास चर्चा नहीं हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ सांसद आरसीपी सिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री संजय झा भी मौजूद रहे।

इससे पूर्व पार्टी दफ्तर आने पर सीएम ने वहां मौजूद हरेक व्यक्ति से भेंट की। फिर कर्पूरी सभागार में जाकर बैठ गए। पहले से उनसे मिलने का समय लिए लोगों ने फिर एक-एक कर भेंट की। पूर्व विधायक ललन पासवान, पूर्व एमएलसी दिलीप चौधरी व अनुज सिंह इनमें प्रमुख थे। कई आम कार्यकर्ता भी नीतीश कुमार से मिले। दिलीप चौधरी ने भाजपा का सहयोग नहीं मिलने से हार की बात कही तो सीएम ने उन्हें काम में लगने की सलाह दी। जदयू नेता रवीन्द्र सिंह, नवीन आर्या, ललन सर्राफ, संजय गांधी आदि मौजूद रहे।

दस पांच और फिर शून्य पर क्यों पहुंची पार्टी
जदयू के पूर्व विधान पार्षद अनुज सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात में गया जिले में जदयू संगठन को मजबूत करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि 2010 में गया जिले में जदयू को पांच सीटों पर जीत मिली, 2015 में दो और 2020 में शून्य। ऐसी स्थिति क्यों आयी, पार्टी इसपर विचार करे। सीएम ने आरसीपी सिंह को मामला रेफर किया।

बंगाल में संगठन को मजबूत करने का लिया आशीर्वाद
बब्लू महतो के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल से आए करीब सवा दर्जन नौजवानों ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की। उनसे पार्टी में काम करने और बंगाल में जदयू संगठन को मजबूत करने के लिए आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद और शुभकामनाएं दोनों दीं। उन्होंने आरसीपी सिंह को इस बारे में देखने को कहा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें