ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारजदयू अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित हुए नीतीश कुमार

जदयू अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित हुए नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार दूसरी बार निर्विरोध जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिये गए। रविवार को उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय...

जदयू अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित हुए नीतीश कुमार
हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना। Sun, 06 Oct 2019 07:49 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार दूसरी बार निर्विरोध जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिये गए। रविवार को उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी अनिल हेगड़े ने की। 

गत 4 अक्टूबर को नीतीश कुमार की ओर से उनके प्रतिनिधि संजय गांधी ने नामांकन दाखिल किया था। किसी और ने इस पद के लिए नामांकन नहीं किया। 6 अक्टूबर को 3 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था। समय सीमा समाप्त होते ही जदयू के नई दिल्ली स्थित 7, जंतर-मंतर स्थित केन्द्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी अनिल हेगड़े ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्विरोध चुने जाने का एलान कर दिया। 

अनिल हेगड़े ने नीतीश कुमार के अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया, जिसे उनके प्रतिनिधि व बिहार विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय गांधी ने प्राप्त किया। इस मौके पर जदयू महासचिव व बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा, महासचिव आफाक अहमद, सचिव राज सिंह मान, दिल्ली जदयू के अध्यक्ष दयानंद राय समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने नीतीश कुमार के दूसरे कार्यकाल में जदयू के और मजबूत होने की उम्मीद जतायी।

विदित हो कि शरद यादव का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्ष 2016 में पहली बार नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इस पद पर उनके दोबारे निर्वाचन की विधिवत घोषणा 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय परिषद की बैठक में होगी। उनका दूसरा कार्यकाल 2022 तक का होगा। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद के मुताबिक 30 अक्टूबर को दिल्ली के रफीगंज मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें