ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारमन की बात: पीएम मोदी ने सीवान की प्रियंका और मुंगेर के जयराम को सराहा

मन की बात: पीएम मोदी ने सीवान की प्रियंका और मुंगेर के जयराम को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात में बिहार के सीवान जिले की प्रियंका पांडेय की सराहना की। कहा कि प्रियंका अपने गांव से 15 किलोमीटर दूर देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसादजी के...

मन की बात: पीएम मोदी ने सीवान की प्रियंका और मुंगेर के जयराम को सराहा
पटना, हिन्दुस्तान टीमSun, 31 Jan 2021 06:55 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात में बिहार के सीवान जिले की प्रियंका पांडेय की सराहना की। कहा कि प्रियंका अपने गांव से 15 किलोमीटर दूर देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसादजी के आवास पर गईं। वहां के कुछ सजीव चित्र और उनसे जुड़े संस्मरण नमो एप के जरिए प्रधानमंत्री को भेजे। उन्होंने मुंगेर के जयराम बिप्लव द्वारा जानकारी देने पर तारापुर के स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों को भी नमन किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय सहित कई स्थानों पर मन की बात को सुना गया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नए साल की पहली मन की बात के कई हिस्से मन को छू लेने वाले थे। खासतौर पर किसान आंदोलन के नाम पर गणतंत्र दिवस के दिन तिरंगे के हुए अपमान पर उनका दुःख मन को बेध देने वाला था। मन की बात कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए जायसवाल ने कहा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के पीएम मोदी के इस प्रयोग ने न केवल प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता को बढ़ाया है बल्कि उनके व्यक्तित्व को और ऊंचा मुकाम दिया है। माता-पिता का सम्मान, सामाजिक:  असमानता, प्रदूषण, किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी, सामाजिक समरसता, परीक्षा, युवाओं की समस्याओं जैसे विषयों पर अपने प्रधानमंत्री को बोलते हुए सुनकर देशवासियों में एक नई आशा का संचार होता है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने मन की बात सुनने के बाद कहा कि युवाओं सहित देशवासियों पर प्रधानमंत्री की बातों का गहरा असर है। पूर्व में पीएम मोदी ने युवाओं का आह्वान किया था कि देश में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े तमाम गुमनाम स्थल हैं। उसी क्रम में नए-नए स्थान और जानकारियां सामने आ रही हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण के भी कई उदाहरण गिनाए। 

बिहार से पीएम का विशेष लगाव: नंदकिशोर
पीएम की मन की बात सुनने के बाद पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि बिहार की प्रतिभावान और मेहनतकश जनता से प्रधानमंत्री जी का विशेष लगाव रहा है। श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की मन की बात में हर किसी की कुछ न कुछ अंतर्निहित बात निकल आती है। दिल की गहराइयों को छूने वाली पीएम की वार्ता-शैली से समाज का हर तबका प्रभावित है, उनका मुरीद है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें