Lok Sabha Election 2024 RJD first candidate list Lalu Yadav gives ticket to Sudhakar Singh Buxar Alok Mehta Ujiarpur Kumar Sarbjit Gaya लालू यादव ने बक्सर से सुधाकर सिंह, गया से सर्वजीत को दिया टिकट, RJD की पहली कैंडिडेट लिस्ट में 5 नाम, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsLok Sabha Election 2024 RJD first candidate list Lalu Yadav gives ticket to Sudhakar Singh Buxar Alok Mehta Ujiarpur Kumar Sarbjit Gaya

लालू यादव ने बक्सर से सुधाकर सिंह, गया से सर्वजीत को दिया टिकट, RJD की पहली कैंडिडेट लिस्ट में 5 नाम

आरजेडी ने पहले चरण की तीन समेत कुल पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। लालू यादव ने गया, जमुई, औरंगाबाद, बक्सर और उजियारपुर से आरजेडी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटनाThu, 21 March 2024 06:36 PM
share Share
Follow Us on
लालू यादव ने बक्सर से सुधाकर सिंह, गया से सर्वजीत को दिया टिकट, RJD की पहली कैंडिडेट लिस्ट में 5 नाम

लोकसभा चुनाव 2024 के तहत आरजेडी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आ गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने जमुई सीट से  अर्चना रविदास, गया से कुमार सर्वजीत और औरंगाबाद से अभय कुशवाहा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में चार में से इन तीन सीटों पर पार्टी ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इन्हें सिंबल भी दे दिया गया है। एक नवादा से श्रवण कुशवाहा को लालू ने पार्टी का सिंबल दिया है। वहीं, बक्सर से पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह, उजियारपुर से आलोक मेहता को आरजेडी ने पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। इन्हें भी पार्टी का सिंबल दे दिया गया है।

जानकारी के अनुसार अभय कुशवाहा जदयू से टेकारी से विधायक रहे हैं और हाल ही में जदयू के गया जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर राजद की सदस्यता ग्रहण की है। वहीं, श्रवण कुशवाहा पूर्व में गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। साथ ही, स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद का भी चुनाव लड़ चुके हैं। लोकसभा चुनाव में पहली बार अपनी किस्मत आजमाएंगे। जबकि, कुमार सर्वजीत के पिता राजेश कुमार दो बार गया संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। खुद कुमार सर्वजीत इंजीनियर है, होटल कारोबार से जुड़े हैं। बोधगया क्षेत्र से राजद के विधायक है और महागठबंधन सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं। वहीं, अर्चना रविदास मुंगेर के मुकेश यादव की पत्नी है और उनका मायका जमुई क्षेत्र में है। पेशे से ठेकेदार मुकेश यादव की राजनीति से जुड़े रहे हैं।  

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक आरजेडी, लेफ्ट और कांग्रेस के बीच दो-तीन सीटों को छोड़कर सभी पर बात बन गई है। बेगूसराय और कटिहार समेत कुछ एक सीटों पर पेच उलझा हुआ है। बेगूसराय से कांग्रेस लड़ना चाहती है, जबकि सीपीआई अपनी परंपरागत सीट बताकर दावा मजबूत कर रही है। कटिहार में भी आरजेडी और कांग्रेस के बीच सहमति नहीं बन पाई है। दोनों ही पार्टियां यहां से अपने उम्मीदवार उतारना चाहती हैं।

इन्हें भी दिया गया आरजेडी का सिंबल 
जानकारी के अनुसार आरजेडी द्वारा पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता को उजियारपुर संसदीय क्षेत्र, पूर्व मंत्री सुरेंद्र प्रसाद यादव को जहानाबाद संसदीय क्षेत्र तथा पूर्व मंत्री प्रभूनाथ सिंह के पुत्र रंधीर सिंह को महाराजगंज संसदीय क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है और इन्हें भी पार्टी का सिंबल दिए जाने की चर्चा है। 

राजद ने कांग्रेस व वामदलों को पिछलग्गू बना दिया : अभिषेक झा
वहीं दूसरी ओर जेडीयू प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा ने आरोप लगाया है कि आरजेडी ने कांग्रेस और वाम दलों को अपना पिछलग्गू बना दिया है। वह इन दलों के साथ कोई सम्मानजनक समझौता नहीं करना चाहता है। यही कारण है कि 2024 लोकसभा चुनाव में एक बार फिर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारा किये बगैर अपने प्रत्याशियों को सिंबल देना शुरू कर दिया है। उन्होंने विपक्ष के समन्वय पर सवाल उठाते हुए कहा कि कल तक राजद नेता मनोज झा महागठबंधन में सीटों के सम्मानजनक बंटवारे का दंभ भर रहे थे, लेकिन सारी बातों को झुठलाते हुए राजद ने अपने उम्मीदवारों को सिंबल दे दिया है। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय पार्टी होने का दंभ भरती है, लेकिन दूसरी तरफ वह पार्टी सीटों के लिए राजद से याचना कर रही है।