Journalist Subhash Kumar shot dead in Begusarai सुभाष को सच लिखने की मिली सजा? बेगूसराय में बड़ी वारदात, पत्रकार की हत्या, अपराधियों ने सिर में मारी गोली, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsJournalist Subhash Kumar shot dead in Begusarai

सुभाष को सच लिखने की मिली सजा? बेगूसराय में बड़ी वारदात, पत्रकार की हत्या, अपराधियों ने सिर में मारी गोली

पत्रकारिता के माध्यम से सुभाष द्वारा लगातार बालू माफियाओं के खिलाफ खबर चलाया जा रहा था, जिसके विरोध में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। कुछ लोग पंचायत चुनाव से भी इस घटना को जोड़कर देख रहे हैं।

Malay Ojha बेगूसराय हिन्दुस्तान, Sat, 21 May 2022 04:17 PM
share Share
Follow Us on
सुभाष को सच लिखने की मिली सजा? बेगूसराय में बड़ी वारदात, पत्रकार की हत्या, अपराधियों ने सिर में मारी गोली

बेगूसराय जिले में वेब पोर्टल पत्रकार सुभाष कुमार (26 वर्ष) की गोली मारकर बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना परिहारा ओपी क्षेत्र के सांखू गांव की है। बदमाशों की संख्या चार बताई जा रही है। गोली लगने के बाद इलाज के लिए सुभाष कुमार को पीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बहुआरा पंचायत के वार्ड संख्या एक के सांखू गांव निवासी सुभाष कुमार शुक्रवार की देर शाम अपने घर से कुछ ही दूरी पर एक शादी समारोह में पिता और चाचा के साथ भोज खाकर वापस लौट रहा था। इस बीच सांखू चौक के समीप सुभाष के पिता और चाचा के साथ अन्य लोग आगे बढ़ गए। इस बीच पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं घायल सुभाष को अस्पताल लाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर तरह तरह की बात कही जा रही है। हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। 

मामले में परिहारा ओपी अध्यक्ष सीपी महतो ने बताया कि गोली लगने की जानकारी मिलने के साथ ही पुलिस द्वारा उसे फौरन उठाकर अस्पताल लाया गया। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि अब तक मिली जानकारी के मुताबिक शादी समारोह के दौरान महिलाएं डांस कर रही थी। इस बीच कुछ लड़के भी उस भीड़ में डांस कर रहे थे, जिसका सुभाष और उसके अन्य साथियों के द्वारा विरोध किया गया। उसी प्रतिशोध में इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। 

हालांकि कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि पत्रकारिता के माध्यम से सुभाष द्वारा लगातार बालू माफियाओं के खिलाफ खबर चलाया जा रहा था, जिसके विरोध में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं कुछ लोग पंचायत चुनाव से भी इस घटना को जोड़कर देख रहे हैं। अंतिम समाचार मिलने तक शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया की जा रही थी। सुभाष कुमार हिन्दी दैनिक समाचार पत्र में भी काम कर चुका है। पिछले कुछ दिनों से वेब पोर्टल में काम कर रहा था।