ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारजहानाबाद : झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर पथराव, एसओ समेत कई सिपाही घायल 

जहानाबाद : झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर पथराव, एसओ समेत कई सिपाही घायल 

बिहार के जहानाबाद में थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव में विद्यालय शिक्षा समिति के चुनाव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच के झगड़े को सुलझाने गई पुलिस पर ही ग्रामीण टूट पड़े। असामाजिक तत्वों ने पुलिस...

जहानाबाद : झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर पथराव, एसओ समेत कई सिपाही घायल 
निज संवाददाता,काको (जहानाबाद)Fri, 28 Dec 2018 09:30 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के जहानाबाद में थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव में विद्यालय शिक्षा समिति के चुनाव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच के झगड़े को सुलझाने गई पुलिस पर ही ग्रामीण टूट पड़े। असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। रोड़ेबाजी की इस घटना में जमादार अमरेन्द्र कुमार का सिर फट गया। रोड़ेबाजी की जद में थानाध्यक्ष संजय शंकर और कई जवान भी आ गए और जख्मी हो गये। ग्रामीणों का उपद्रव शांत नहीं होता देख पुलिस को भी आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग करनी पड़ी। लगभग एक घंटे तक सातनपुर गांव रणक्षेत्र बना रहा। 
पुलिस फायरिंग के बाद दोनों पक्षों के लोगों में अफरातफरी मच गयी। कुछ देर के लिए ग्रामीण गांव छोड़कर भाग खड़े हुए। सातनपुर गांव में पुलिस पर हुए हमले की सूचना मिलते ही एसपी ने पाली थाने के जवानों को भी घटनास्थल पर भेजा। थोड़ी ही देर में एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव भी अतिरिक्त बल को लेकर गांव में पहुंच गए। एसडीपीओ ने पूरे गांव में फ्लैग मार्च किया। करीब एक घंटे तक सातनपुर गांव की गलियां रणक्षेत्र में तब्दील रहीं। घटना को लेकर घायल जमादार ने थाने में 27 नामजदों समेत 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। 
बताया जाता है कि गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में विद्यालय शिक्षा समिति के सचिव का चुनाव होना था। गांव के ही रामप्रवेश यादव और साहेब यादव के बीच चुनाव को लेकर तनातनी चल रही थी। शुक्रवार की सुबह स्कूल के बाहर गांव में ही दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया।
 झगड़े की सूचना पर काको थाने की पुलिस जब गांव पहुंची तो पुलिस पर ही लोगों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे अरसे से विवाद चला आ रहा है। विद्यालय शिक्षा समिति के चुनाव की बारी आयी तो तनाव और भी गहरा हो गया। इधर, एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव ने कहा कि सातनपुर में अब शांति है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें