ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारआरा: पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, मृतक के भाई ने लगाया हत्या का आरोप

आरा: पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, मृतक के भाई ने लगाया हत्या का आरोप

बिहार के भोजपुर जिले के संदेश गांव के एक बागीचे में प्रेमी युगल ने खुदकुशी कर ली। दोनों ने रस्सी के सहारे पेड़ से लटक कर जान दे दी। सोमवार की सुबह दोनों का शव जामुन के एक पेड़ से लटकता मिला। प्रेमी...

आरा: पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, मृतक के भाई ने लगाया हत्या का आरोप
आरा हिन्दुस्तान टीमMon, 06 Jul 2020 06:03 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के भोजपुर जिले के संदेश गांव के एक बागीचे में प्रेमी युगल ने खुदकुशी कर ली। दोनों ने रस्सी के सहारे पेड़ से लटक कर जान दे दी। सोमवार की सुबह दोनों का शव जामुन के एक पेड़ से लटकता मिला। प्रेमी युगल एक ही रस्से के सहारे लटके थे। मृत युवक संदेश गांव निवासी विजेंद्र पासवान का पुत्र निरंजन कुमार उर्फ गोरख और युवती बगल के काजीचक गांव की रोजी खातून थी। 

निरंजन कुमार बागीचे की रखवाली करने  रविवार की रात घर से निकला था। घटना की सूचना मिलने से इलाके में सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को शवों को पेड़ से उतार पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा। हालांकि खुदकुशी का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।  इलाके में चल रही चर्चा के अनुसार शादी की इजाजत नहीं मिलने से प्रेमी युगल द्वारा फांसी लगाये जाने की बात सामने आ रही है। 

इधर, मृत युवक के भाई मनोज पासवन ने दोनों की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं घटना से आहत युवती के बुजुर्ग दादा शव के पास जाने से भी इनकार कर रहे थे। जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह ग्रामीण बागीचे की ओर गये तो दोनों के शवों को एक पेड़ से लटकते देखा गया। देखते ही देखते पूरे इलाके में दोनों की खुदकुशी की चर्चा फैल गयी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पहुंच गये। बाद में स्थानीय पुलिस पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। 

थानाध्यक्ष सुदेह कुमार के अनुसार शुरुआती जांच में खुदकुशी का ही मामला लग रहा है। वैसे मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है। इस मामले में फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। 

संदेश गांव निवासी मनोज पासवान ने अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराने आरा सदर अस्पताल पहुंचे मनोज ने बताया कि कुछ रोज पहले उसे धमकी भी दी गयी थी। धमकी देने का आरोप युवती के कुछ परिजनों पर लगा रहा था। बताया कि उसके पिता ने आम व जामुन का बागीचा लिया है। निरंजन अक्सर बागीचे की रखवाली करने जाता था। रविवार की रात भी वह खाने के बाद बागीचे की रखवाली करने चला गया था। सोमवार की सुबह इस घटना की सूचना मिली। हालांकि युवती के घर में सिर्फ बुजुर्ग दादा-दादी के होने के कारण हत्या की बात पर लोग विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। इधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के किसी भी परिजन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन आता है, तो जांच की जायेगी। बताया जाता है कि युवती के पिता सउदी अरब में प्राइवेट जॉब करते हैं। उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है। इकलौता भाई भी बाहर काम करता है। वह गांव पर दादा-दादी के साथ रहती थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें