ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार में कोरोना की भयावह स्थिति के चलते भाजपा, जदयू, लोजपा के बाद अब कांग्रेस ऑफिस भी बंद

बिहार में कोरोना की भयावह स्थिति के चलते भाजपा, जदयू, लोजपा के बाद अब कांग्रेस ऑफिस भी बंद

बिहार में कोरोना के कहर के चलते संक्रमण से अपने नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए सभी राजनीतिक दल एक-एक कर बंद कर रहे पार्टी ऑफिस। कोरोना की भयावह स्थिति के चलते भाजपा, जदयू, लोजपा के...

बिहार में कोरोना की भयावह स्थिति के चलते भाजपा, जदयू, लोजपा के बाद अब कांग्रेस ऑफिस भी बंद
पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरोSat, 17 Apr 2021 12:11 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार में कोरोना के कहर के चलते संक्रमण से अपने नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए सभी राजनीतिक दल एक-एक कर बंद कर रहे पार्टी ऑफिस। कोरोना की भयावह स्थिति के चलते भाजपा, जदयू, लोजपा के बाद अब कांग्रेस ऑफिस भी बंद कर दिए गए हैं।  बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कांग्रेस के राज्य मुख्यालय सदाकत आश्रम सहित पूरे राज्य के जिला कार्यालयों को अनिश्चितकाल के लिए बन्द करने का आदेश दिया है। 

उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में सरकारी उदासीनता और प्रशासनिक विफलताओं के कारण स्थिति बेहद विकराल हो गयी है। प्रदेश में जब तक स्थिति सामान्य नहीं होगी तब तक कांग्रेस मुख्यालयों को बन्द करने का फैसला लिया गया है। 

 मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कहा कि सदाकत आश्रम में केवल आवासीय कर्मचारियों के ही रहने की अनुमति रहेगी। कांग्रेस ने कोरोना संक्रमण की भयावहता को देखते हुए काले कृषि कानूनों के खिलाफ पांच अप्रैल को प्रस्तावित अपने धरने को पहले ही स्थगित कर दिया था। इसके अलावा राजनीतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द हैं। पार्टी ने अपील की है कि लोग कोरोना के बढ़ते प्रकोप में अपने और परिवार की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखें। 

भाजपा, जदयू और लोजपा कार्यालय बंद
बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए बिहार भाजपा ने अपना कार्यालय बंद कर दिया है। पार्टी का कार्यालय अगले सात दिनों तक बंद रहेगा। इस दौरान कोई गतिविधि नहीं होगी। भाजपा के मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा ने बताया कि 22 अप्रैल तक प्रदेश कार्यालय को बंद कर दिया गया है। कोरोना को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने यह निर्णय लिया है। अब 22 अप्रैल के बाद तय किया जाएगा कि कार्यालय को खोला जाए या नहीं। इस दौरान कार्यालय आने की मंजूरी नहीं होगी। कार्यालय परिसर में ताला लगा रहेगा। पार्टी की कोई गतिविधि नहीं होगी। पहले से तय कार्यक्रम को अगली तिथि तक स्थगित कर दिया गया है।

वहीं जनता दल यूनाइटेड ने दिल्ली स्थित अपने राष्ट्रीय कार्यालय से लेकर पटना स्थित अपने प्रदेश मुख्यालय को 20 अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय किया है। इसपर गुरुवार से ही अमल आरंभ हो गया। प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 20 अप्रैल तक पार्टी कार्यालय पूरी तरह बंद रखा जाएगा। कोरोना संकट के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एहतियातन ऐसा निर्णय लिया गया है। इस दौरान कोई भी कार्यक्रम नहीं होंगे। उधर राष्ट्रीय कार्यालय सचिव मिथिलेश प्रसाद ने 7 जंतर-मंतर रोड स्थित राष्ट्रीय कार्यलय को 20 अप्रैल तक बंद रखने की जानकारी पार्टीजनों से साझा की है।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लोजपा का प्रदेश कार्यालय बंद कर दिया गया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभार कुंदन कुमार ने यह जानकारी दी। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें