ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारचुनाव परिणाम से असर नहीं, महागठबंधन मजबूत है : तेजस्वी

चुनाव परिणाम से असर नहीं, महागठबंधन मजबूत है : तेजस्वी

लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद बुधवार को महागठबंधन के नेताओं ने समीक्षा बैठक की। पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा, हम के...

चुनाव परिणाम से असर नहीं, महागठबंधन मजबूत है : तेजस्वी
पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरोWed, 29 May 2019 07:26 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद बुधवार को महागठबंधन के नेताओं ने समीक्षा बैठक की। पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा, हम के महासचिव संतोष मांझी, वीआईपी प्रमुख  मुकेश सहनी, पूर्व सांसद शरद यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस की गैर-मौजूदगी में हुई इस बैठक के बावजूद नेताओं ने महागठबंधन को मजबूत बताया।

लोकसभा चुनाव में राजद के शून्य पर सिमटने के बाद पहली बार पत्रकारों से मुखातिब तेजस्वी ने माना कि लोकसभा चुनाव में इस तरह के परिणाम की उम्मीद नहीं थी। लेकिन चुनाव परिणाम में हम निराश नहीं है। हम लोग मजबूत है, कमजोर नहीं हैं। हम इस हार से हौसला नहीं हारे हैं। बिहार की जनता ने हम लोगों नकारा नहीं है। हम लोगों ने अपना मनोबल नहीं खोया है। विपक्ष पर आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में मुद्दों पर बात नहीं की गई। लोगों को गुमराह किया गया है। हम भाजपा के जाल से लोगों को बाहर निकालेंगे। लोकसभा चुनाव कोई अंतिम लड़ाई नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव में इसी तरह के संभावित परिणाम को खारिज करते हुए तेजस्वी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मुद्दे अलग होते हैं। 

महागठबंधन में कांग्रेस है 

बैठक में कांग्रेस के नहीं शामिल होने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि हमारी बात राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अहमद पटेल से हो रही है। दिल्ली में चुनाव परिणाम को लेकर जल्द ही बैठक होनी है। उसमें मैं भी शिरकत करूंगा। महागठबंधन से कांग्रेस के अलग होने का सवाल को तेजस्वी ने खारिज किया। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी माना कि महागठबंधन एकजुट है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 29 व 30 मई को पटना से बाहर का दौरा तय था। पटना में नहीं होने की जानकारी नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव को पहले ही दे दी थी।  

लोस चुनाव में करारी हार के कारणों पर तेजस्वी ने कहा कि इसका जवाब देना अभी संभव नहीं है। लेकिन इतना जरूर है कि इस हार के बाद भी महागठबंधन एकजुट है। यही हार आगे की जीत का रास्ता भी दिखाएगी। चुनाव में महागठबंधन ने सामाजिक न्याय, संविधान बचाने की बात की है। चुनाव में जितने भी सवाल एनडीए से पूछे, उसका कोई जवाब नहीं मिला। महागठबंधन के सभी दलों के बीच लोस चुनाव परिणाम पर चर्चा हुई है। इससे पहले राजद उम्मीदवारों के साथ मंथन हुआ है। 

तेजस्वी ने कहा कि हार का कारण जानने के लिए राजद ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। तेजस्वी ने जदयू पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया।  पीएम नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि न्योता नहीं मिला है। वहीं रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि एनडीए के लोगों ने गुमराह किया है। एनडीए ने बड़ा षड़यंत्र किया है। सच्चाई है कि देश में मुद्दे गौण हो गए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें