बिहार में न्यूनतम तापमान के गिरावट से ठंड में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटों में कई शहरों का पारा दो से तीन डिग्री तक नीचे आया है। अगले 24 से 48 घंटों में पारे में आंशिक गिरावट के आसार हैं। रविवार से सूबे में आंशिक बादल छाएंगे और इस वजह से दिन का तापमान नीचे आएगा, जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होगी। यानी अधिकतम तापमान नीचे आएगा और रात का पारा नीचे गिरेगा। पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा और पटना सहित सभी शहरों में हल्का कोहरा देखा गया।
पटना और गया में बढ़ी ठंड
पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवा का प्रवाह सूबे में बढ़ा है। उत्तर भारत के मैदानी भागों में इस वजह से शीतलहर की स्थिति बनी है। हालांकि अभी यह हवा पश्चिमी उत्तरप्रदेश तक पहुंची हैं, लेकिन इनका असर बिहार के मौसम पर दिखने लगा है। पिछले 24 घंटों में पटना का न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री नीचे लुढ़का और 7.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गया में भी पारे में दो डिग्री की गिरावट आई और यह 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमविदों के अनुसार अभी इन शहरों का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री के आसपास रहना चाहिए था। वहीं पटना का अधिकतम तापमान 22.9 रहा। गया में 22.3, पूर्णिया व भागलपुर में 23.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।