Education Minister Mewallal breaks silence on the allegations leveled against him will sue for defamation of 50 crores बिहार के शिक्षामंत्री मेवालाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, 50 करोड़ की मानहानि का मुकदमा करेंगे, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsEducation Minister Mewallal breaks silence on the allegations leveled against him will sue for defamation of 50 crores

बिहार के शिक्षामंत्री मेवालाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, 50 करोड़ की मानहानि का मुकदमा करेंगे

बिहार की नई सरकार में मंत्री का पद संभालते ही विवादों में घिरे शिक्षा मंत्री डॉ मेवालाल चौधरी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। कहा कि मेरे ऊपर कोई चार्जशीट नहीं है।...

Yogesh Yadav पटना लाइव हिन्दुस्तान टीम, Thu, 19 Nov 2020 03:21 PM
share Share
Follow Us on
बिहार के शिक्षामंत्री मेवालाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, 50 करोड़ की मानहानि का मुकदमा करेंगे

बिहार की नई सरकार में मंत्री का पद संभालते ही विवादों में घिरे शिक्षा मंत्री डॉ मेवालाल चौधरी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। कहा कि मेरे ऊपर कोई चार्जशीट नहीं है। उन्होंने कहा कि पत्नी की मौत के लिए मुझे जिम्मेदार बताने वालों पर मानहानि का मुकदमा करेंगे। जिस आईपीएस अधिकारी ने यह आरोप लगाए हैं, उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि का केस कर रहा हूं। मेरे खिलाफ कोई तथ्य नहीं है जिसकी जांच की बात हो।

बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार मेवालाल पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को उठा रहे हैं। आज भी उन्होंने इस मसले पर ट्वीट कर हमला बोला है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हत्या और भ्रष्टाचार के अनेक मामलों में IPC की 409, 420, 467, 468, 471 और 120B धारा के तहत आरोपी मेवालाल चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाने से बिहारवासियों को क्या शिक्षा मिलती है?

इससे पहले गुरुवार की सुबह मेवालाल ने पदभार ग्रहण किया। पद संभालने  के बाद मेवालाल ने कहा कि शिक्षा में बदलाव के लिए सरकार ने जो-जो कदम उठाया है उसे आगे बढ़ाएंगे। शिक्षा में बदलाव को लेकर रोडमैप बनाकर काम होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि  शिक्षा में गुणात्मक सुधार हमारी प्राथमिकता होगी। सिलेबस में जरुरत के हिसाब से संशोधन या बदलाव किया जाएगा।

मेवालाल पर हैं ये आरोप
तारापुर से निर्वाचित जेडीयू विधायक डॉ मेवालाल चौधरी को पहली बार कैबिनेट में शामिल किया गया है। राजनीति में आने से पहले वर्ष 2015 तक वह भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति थे। वर्ष 2015 में सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आए। इसके बाद जदयू से टिकट लेकर तारापुर से चुनाव लड़े और जीत गए। लेकिन, चुनाव जीतने के बाद डॉ चौधरी नियुक्ति घोटाले में आरोपित किए गए। कृषि विश्वविद्यालय में नियुक्ति घोटाले का मामला सबौर थाने में वर्ष 2017 में दर्ज किया गया था। इस मामले में विधायक ने कोर्ट से अंतरिम जमानत ले ली थी।

पत्नी की डेथ केस में पूछताछ की मांग
मेवालाल चौधरी की पत्नी स्व. नीता चौधरी राजनीति में काफी सक्रिय रही थीं। वह जदयू के मुंगेर प्रमंडल की सचेतक भी थीं। 2010-15 में तारापुर से विधायक चुनी गयीं। वर्ष 2019 में गैस सिलेंडर से लगी आग में झुलसने से उनकी मौत हो गयी थी। एक पूर्व आईपीएस अधिकारी ने शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी की पत्नी की मौत के मामले में उनसे पूछताछ की मांग की है। इसके लिए उन्होंने डीजीपी एसके सिंघल को पत्र लिखा है।

हॉर्टिकल्चर कमिश्नर रह चुके हैं मेवालाल
मेवालाल  कोइरी समुदाय से आते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रवि प्रकाश अमेरिका में तो छोटा बेटा मुकुल प्रकाश आस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। 4 जनवरी 1953 को जन्मे मेवालाल चौधरी की शैक्षणिक योग्यता एमएससी है। उन्होंने पीएचडी भी की है। भारत सरकार में हॉर्टिकल्चर कमिश्नर रह चुके हैं। वह बिहार के कृषि रोड मैप तैयार करने वाले दल के सदस्य भी रहे हैं।