Hindustan Special: बिहार के हैमर हेडमैन धर्मेंद्र सिर से बेल ऐसे तोड़ते हैं, जैसे गुब्बारा; गिनीज बुक में दर्ज है नाम

Sep 05, 2023 09:41 pm ISTMalay Ojha हिन्दुस्तान, कैमूर
share

कैमूर के इस शक्तिमान को लोग हैमर हेडमैन (हथौड़े के माफिक सिर वाला) के नाम से जानते हैं। धर्मेन्द्र अपने सिर से दर्जनों कच्चे बेल ऐसे तोड़ते हैं, जैसे वह गुब्बारा हों।

Hindustan Special: बिहार के हैमर हेडमैन धर्मेंद्र सिर से बेल ऐसे तोड़ते हैं, जैसे गुब्बारा; गिनीज बुक में दर्ज है नाम

इंडिया के हैमर हेडमैन के नाम से मशहूर व खतरनाक स्टंट के बादशाह धर्मेन्द्र ने ऐसे कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें देख-सुन लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। कैमूर के इस शक्तिमान को लोग हैमर हेडमैन (हथौड़े के माफिक सिर वाला) के नाम से जानते हैं। धर्मेन्द्र अपने सिर से दर्जनों कच्चे बेल ऐसे तोड़ते हैं, जैसे वह गुब्बारा हों। अपने सिर पर लोहे के डंबल से दनादन प्रहार करने में भी माहिर हैं। यही नहीं, इस महाबली के दांत में भी गजब की ताकत है। दांतों से वजन उठाने में भी इनकी कोई सानी नहीं है। 

बनाया अनोखा रिकॉर्ड: 
बीते साल धर्मेन्द्र ने एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया। कंधे पर वजनी बाइक रख महज 30 सेकेंड में 100 मीटर की दौड़ लगाई। तब आयोजक संस्था इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारी धर्मेन्द्र के इस हैरतअंगेज करतब को दांतों तले उंगली दबा देखते रहे। धर्मेन्द्र ने 115.45 सीसी की बजाज प्लेटिना ड्रम से यह रिकॉर्ड बनाया। यह रिकॉर्ड त्रिपुरा की राजधानी अगरतल्ला में बनाया। इस प्रतियोगिता में उसने 21 देशों के प्रतिभागियों को पछाड़ा। 

पांच स्टंट गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज: 
त्रिपुरा राइफल्स में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात इस आर्मीमैन के पांच स्टंट गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हैं। एक मिनट में 21 कच्चे बेल सिर से तोड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसके पहले धर्मेन्द्र ने 2017 में तीन मिनट में 51 कच्चे बेल सिर से तोड़ने का कारनामा किया था। इन रिकार्डों को बनाने से पहले धर्मेन्द्र ने एक मिनट में दांतों से 12 एमएम के 15 लोहे के सरिया मोड़ कर अमेरिका के लेस डेविड के रिकॉर्ड को तोड़ा। डेविड ने एक मिनट में 10 सरिया को मोड़ा था। 2021 में दो जून को एक मिनट में सिर से लोहे का 24 सरिया मोड़ने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। यह रिकॉर्ड पहले अर्मेनिया के एडांट्स के नाम दर्ज था, जिसने 2015 में एक मिनट में 18 सरिया मोड़ने का रिकॉर्ड बनाया था। धर्मेन्द्र का एक मिनट में दस किग्रा के लोहे के डंबल से सिर के अगले हिस्से पर 211 बार दनादन प्रहार करने का रिकॉर्ड ग्रेट इंडियन बुक ऑफ द रिकॉर्ड में दर्ज है। अब इसे वर्ल्ड गिनीज रिकॉर्ड में शामिल कर लिया गया है। 

त्रिपुरा राइफल्स में इंस्पेक्टर पद पर तैनात हैं धर्मेन्द्र: 
अविश्वसनीय स्टंटों के गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज होते ही त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के अफसरों ने हैमर हेडमैन को स्टंट का बादशाह करार दिया था। इसके बाद इसे प्रोन्नति देकर इंस्पेक्टर बना दिया गया। 2017 में भी धर्मेन्द्र ने इंटरनेशनल स्टंट में तीन मिनट में 51 कच्चे बेल (वुड्स एपल) सिर से तोड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। 2023 के फरवरी महीने में नेताजी वर्ल्ड रिकॉर्ड फाउंडेशन के बैनर तले हैमरहेडमैन धर्मेन्द्र ने दांत से 165 किग्रा का वजन दस सेकंड तक उठाकर अनोखा रिकॉर्ड बनाया। धर्मेन्द्र ने दो साल पहले स्वतंत्रता दिवस पर त्रिपुरा के अगरतल्ला में गिनीज बुक के इवेंट में स्कीपिंग (रस्सी फांदने) में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उसने 10 मीटर लंबी रस्सी से 30 सेकंड में 30 बार रस्सी फांदने का रिकॉर्ड बनाया। धर्मेन्द्र ने जापान के हिज्की ल्क्यामा का रिकॉर्ड तोड़ा। हिज्की ने 21 अप्रैल 2018 को टोक्यो में 26 बार रस्सी फांदने का रिकॉर्ड बनाया था। 

धर्मेन्द्र कुमार सिंह नगर पंचायत रामगढ़ के किसान अपलेश्वर सिंह के पुत्र हैं। इनकी मां कुंती देवी सरपंच रह चुकी हैं। धर्मेन्द्र जब आठवीं कक्षा में रामगढ़ में पढ़ाई कर रहे थे तभी कुछ नया करने का जुनून सवार हुआ। इसके बाद उन्होंने ठान लिया कि वह सिर को सबसे मजबूत बनाएंगे। वह रोजाना बागीचे में कच्चे बेल से सिर को धीरे-धीरे पीटने लगे। महीनों के अभ्यास के बाद एक दिन कच्चा बेल तोड़ ही दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मां कुंती देवी बताती हैं कि शुरू में उन्होंने मना किया, क्योंकि अक्सर ललाट सूजा रहता था, लेकिन धर्मेन्द्र की जिद्द के आगे उनकी एक न चली। अब धर्मेन्द्र की मां कहलाने पर गर्व होता है। 

Malay Ojha

लेखक के बारे में

Malay Ojha
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।