ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारदिल्ली की जनता ने विकास को जनादेश दिया : राबड़ी देवी

दिल्ली की जनता ने विकास को जनादेश दिया : राबड़ी देवी

दिल्ली चुनाव परिणाम पर पूर्व सीएम राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सीएम अरविन्द केजरीवाल को बधाई दी है। कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास, सद्भाव, मोहब्बत और सोहबत वाला जनादेश दिया है।...

दिल्ली की जनता ने विकास को जनादेश दिया : राबड़ी देवी
पटना हिन्दुस्तान टीमWed, 12 Feb 2020 12:06 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली चुनाव परिणाम पर पूर्व सीएम राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सीएम अरविन्द केजरीवाल को बधाई दी है। कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास, सद्भाव, मोहब्बत और सोहबत वाला जनादेश दिया है। भाजपा ने नफरत का जो कैंपेन किया था उसका परिणाम सामने है। पूर्व सीएम ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल के मंदिर जाने पर उन्हें अशुद्ध और अपवित्र बताया जा रहा था। यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार कर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला सबसे नकारात्मक चुनाव था। एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को आतंकवादी, नक्सली और पाकिस्तानी बताया गया। जनादेश से जनता ने जता दिया है कि लोग काम और विकास पर वोट करेंगे ना कि बकवास पर। ये जीत सामाजिक न्याय , धर्मनिरपेक्षता एवं भारतीय संविधान मे अटूट विश्वाश रखने वालों की है। दिल्ली के मतदाताओं ने अहंकार और नफरत की राजनीति को नकार दिया है। 

केजरीवाल की जीत छदम राष्ट्रवाद की हार है : सदानंद
कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप पार्टी की जीत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि केजरीवाल की जीत छदम राष्ट्रवाद की हार है। मंगलवार को जारी बयान में श्री सिंह ने कहा कि सत्ता के मद में चूर रहने वाली भाजपा को इस सबक से सीख लेनी चाहिए। 

दिल्ली की जनता ने विकास को चुना : पप्पू यादव
दिल्ली चुनाव के नतीजे पर प्रतिक्रिया देते हुए जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि दिल्ली की जनता ने घोषणा करने वाले नेताओं को दरकिनार कर विकास को चुना हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए। मंगलवार को जारी बयान में श्री यादव ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बहुत अच्छा काम किया है और उसका परिणाम दिल्ली की जनता ने उन्हें दिया हैं। इस जीत के लिए उन्हें व  दिल्ली की जनता को बधाई दी। 

दिल्ली में विकास जीता, नफरत हारी : उपेंद्र कुशवाहा
रालोसपा ने आप और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विधानसभा चुनाव में मिली जीत पर बधाई दी है। पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के चुनाव में  भाजपा, जदयू और लोजपा ने नफरत और सांप्रदायिकता का जहर घोलने की कोशिश की। लेकिन, दिल्ली के अवाम ने नफरत और सांप्रदायिकता को नकार कर अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधओं और विकास पर वोट दिया। पार्टी के बयान में रालोसपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के नतीजों ने बता दिया है कि देश में नफरत की सियासत बहुत दिनों तक नहीं चल सकती। एनडीए ने दिल्ली में लोगों को बांट कर वोट लेने का प्रयास किया लेकिन दिल्ली के लोगों ने उसे नकारकर विकास को चुना। यह लोकतंत्र की जीत है। पार्टी नेता शंकर झा आजाद, राजेश यादव, फजल इमाम मल्लिक, अभिषेक झा, भोला शर्मा, अनिल यादव सहित अन्य नेताओं ने भी दिल्ली के सीएम को बधाई दी है।  

जीतन राम मांझी ने केजरीवाल को दी बधाई
‘हम’ अध्यक्ष जीतन राम मांझी व प्रधान महासचिव संतोष कुमार सुमन ने दिल्ली चुनाव में मिली शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। कहा कि जनता ने बता दिया है कि देश में अब झूठ, फ़रेब और नफ़रत की राजनीति नहीं चलेगी। जो विकास करके दिखाएगा वही राज करेगा। जनता ने कहा है कि देश में नफ़रतों की खेती करने वालों की दुकानें बंद हो जाएंगी। प्रवक्ता दानिश रिजवान, विजय यादव, अमरेन्द्र त्रिपाठी, गीता पासवान ने भी बधाई दी है।

वाम दलों ने भी दी बधाई
भाकपा-माले, माकपा और भाकपा ने दिल्ली के चुनावी नतीजे पर कहा है कि यह जुमला, भ्रष्टाचार, नकली देशभक्ति और अपार धनबल की हार हुई है। केजरीवाल सरकार की विकास की जीत हुई। कहा कि ‘गोली मारो अभियान’ चलाने वालों की करारी हार के लिए दिल्ली की जनता बधाई की पात्र है। माले के राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि जनता ने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। संविधान व लोकतंत्र के खिलाफ तथा नफरत व विभाजन की राजनीति जनता को मंजूर नहीं है।

राज्य चुनाव में चेहरा और विकास कार्य महत्वपूर्ण : जदयू
दिल्ली विधानसभा के मंगलवार को आए चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया में प्रदेश जदयू अध्यक्ष व सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि कोई भी चुनाव राज्यों का होगा तो नेतृत्व का चेहरा और स्थानीय मुद्दे प्रमुख साबित होंगे ही। विकास के कार्य महत्वपूर्ण होंगे। काम करने वाले को लोग नजर में रखेंगे। स्थानीय राजनीति में जो जनता तथा उनकी जरूरतों को स्मरण रखकर काम करेगा उसी की जीत होगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का जो प्रचार तंत्र था वह कारगर साबित हुआ। दिल्ली की जनता के जनजीवन के मसलों के समाधान को लेकर जो काम किया था, उसका प्रतिफल उन्हें मिला। जदयू द्वारा दोनों से एक भी सीट नहीं जीत पाने को लेकर बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि चूंकि हम गठबंधन में लड़े थे इसलिए इसको सामूहिकता में ही देखना उचित होगा। एक सीट पर तो शिवसेना के उतरने से भी काफी वोट उनके दल को चला गया। शिवसेना पहले एनडीए में ही थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें