ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारDelhi Assembly Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव में ये हैं बिहार के विजेता...

Delhi Assembly Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव में ये हैं बिहार के विजेता...

दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हो चुके हैं। एक बार फिर से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर कब्जा जमाया, वहीं भाजपा के खाते में 8 सीटें आईं हैं। कांग्रेस...

Delhi Assembly Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव में ये हैं बिहार के विजेता...
पटना हिन्दुस्तान टीमWed, 12 Feb 2020 11:46 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हो चुके हैं। एक बार फिर से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर कब्जा जमाया, वहीं भाजपा के खाते में 8 सीटें आईं हैं। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया। इस विधानसभा चुनाव में मूलत: बिहार के रहने वालों ने भी जीत का परचम लहराया है। मधुबनी के संजीव झा और विनय मिश्रा (आम आदमी पार्टी), समस्तीपुर के रितुराज झा (आम आदमी पार्टी) और दरभंगा के अभव वर्मा (भाजपा) ने जीत हासिल की है। 

मधुबनी: संजीव झा ने दिल्ली चुनाव में लहराया परचम, गांव में जश्न
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुरारी सीट से मधुबनी के संजीव झा आम आदमी पार्टी के टिकट पर दुबारा विधायक चुने गए। इससे उनके पैतृक गांव मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड के सुन्दरपुर भिट्ठी गांव में जश्न का माहौल है। मतगणना शुरू होने के साथ सुबह से ही घर के लोग टीवी पर नजरें जमाए थे। उन्हें विश्वास था कि संजीव जीत दर्ज करेंगे। जैसे ही उनके जीत की घोषणा हुई सुन्दरपुर भिट्ठी में मिठाइयों का दौर शुरू हो गया।  

विधायक संजीव झा की भाभी सुप्रिता झा, चाचा मुरली झा सहित पड़ोस के लोगों ने बताया कि सुबह से ही हमलोग भगवान से प्रार्थना कर रहे थे। घर का लाल विजयी घोषित हो, पुन: प्रदेश सहित गांव का नाम रौशन करे। इस घड़ी का बेसब्री से इंतजार था। ग्रामीण पुरुषोत्तम झा, अशोक झा, जितेन्द्र झा, अमर पासवान आदि लोग नारे लगाते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलायी और खुशी का इजहार किया। सुन्दरपुर भिट्ठी गांव के हरेक मोहल्ले में लोग खुश दिख रहे थे। 

संजीव झा के बड़े भाई है गांव में मुखिया
संजीव झा चार भाई हैं। उनके बड़े भाई अरुण झा गांव के मुखिया हैं। लोगों का कहना था कि एक गरीब किसान के बेटे ने देश की राजधानी में जिला एवं गांव समाज का सिर गर्व से उंचा किया है। लोगों को आशा थी कि हमारे गांव का बेटा दूसरी बार काम की बदौलत अपनी जीत दर्ज करेगा। गांव के लोगों ने बताया कि हमलोगों को संजीव के दर्शन के लिए पलक बिछाये हुए हैं कि विधायक जी गांव आये और उनका अभिनंदन करें। 

राजनीति में जाने से पहले करते थे वकालत
बताया कि लगभग 12 साल से संजीव झा दिल्ली में रह रहे हैं। वे पहले वकालत वहां करते थे। अन्ना के आंदोलन से जुड़ने के बाद वे अरविंद केजरीवाल से जुड़े और देश को एक अलग राजनीति देने के विकल्प के मार्ग पर आगे बढ़े। बुरारी में उनके काम की काफी लोकप्रियता थी। परिवार के लोगों को विश्वास था पर जीत की मुहर लगने के बाद जश्न शुरू हो गया।

मधुबनी: बासोपट्टी के विनय मिश्रा दिल्ली में आप से बने विधायक
दिल्ली विधानसभा चुनाव में द्वारका सीट से आप के टिकट पर मधुबनी के बासोपट्टी के सिरियापुर निवासी विनय मिश्रा की जीत हुई है। उनकी जीत से सिरियापुर में जश्न का माहौल है। ग्रामीण जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर मिठाइयां बांट रहे हैं। विनय मिश्रा पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के पुत्र हैं।

बता दें कि विनय मिश्रा आप के टिकट पर पहली बार द्वारका विधानसभा से चुनाव लड़े थे। करीब 14 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। इससे पहले वे कांग्रेस के टिकट पर एक बार लड़े थे पर जीत नहीं पाए थे। विनय मिश्रा दिल्ली पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के पुत्र हैं। महाबल मिश्रा दिल्ली में कांग्रेस से एक बार सांसद, तीन बार विधायक एक बार नगर निगम पार्षद रह चुके हैं। कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर विनय मिश्रा ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन की। पार्टी ने उन्हें द्वारका विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। 

उनके उनके बड़े भाई संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि विनय मिश्रा अपनी जीत पर गांव वासियों को बधाई देते हुए कहा है कि गांव को हमेशा अपने यादों में रखे हुए हैं। इस समय उसके घर पर उनके दो ही देश परिवार के सभी सदस्य दिल्ली चुनाव में गए हुए हैं। ग्रामीण व रिटायर शिक्षक घनश्याम ठाकुर, चन्देश्वर ठाकुर, राम बालक ठाकुर, विमल ठाकुर ने बताया कि उनकी जीत पर ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीण उनके गांव आने का इंतजार कर रहे हैं। 

समस्तीपुर के रितुराज दूसरी बार दिल्ली में बने विधायक
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के चकदौलत निवासी अरुण झा के पुत्र रितुराज झा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार चुनाव जीता है। उन्होंने दिल्ली के किरारी विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की है। फिलहाल उनके घर पर कोई नहीं है। परिवार के सभी सदस्य दिल्ली में ही बताये गये हैं। 

इधर, गांव के सपूत की लगातार दूसरी जीत के बावजूद गांव में मंगलवार को कोई उत्साह नहीं दिखा। गांव में आम दिनों की भांति ही माहौल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि रितुरात के पहली बार दिल्ली में चुनाव में विजयी होने पर गांव में जश्न मनाया गया था। बाद में रितुराज को बुलाकर सम्मानित भी किया गया था। उस दौरान गांव के विकास में सहयोग करने का रितुराज ने वादा किया था किन्तु वह धरातल पर नहीं उतरा, जिससे इस बार उनकी जीत पर कहीं कोई उमंग नहीं दिखा। हालांकि उनकी जीत की चर्चा मंगलवार को चौराहों पर होती रही।

दरभंगा के अभय ने दिल्ली चुनाव में दर्ज की जीत
नई दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में लक्ष्मीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अभय वर्मा ने जीत दर्ज की है। अभय दरभंगा के ही रहने वाले हैं। मंगलवार को उनकी जीत की खबर मिलते ही शहर के हराही दक्षिण स्थित उनके घर में खुशी की लहर दौड़ गयी। घर के लोग खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। 

दरभंगा स्थित उनके घर पर मंगलवार को अभय वर्मा की 70 वर्षीया मां उर्मिला देवी, बड़े भाई मध्य विद्यालय दोमे (केवटी) के एचएम अजय वर्मा व छोटे भाई गंगिया हाईस्कूल (मुजफ्फरपुर) में शिक्षक अनुज वर्मा मिले। उन्होंने 'हिन्दुस्तान' को बताया कि स्वास्थ्य विभाग से रिटायर स्व. बांके बिहारी वर्मा के मंझले पुत्र अभय वर्मा ने शकरपुर में रहते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय से लॉ फैकेल्टी से वर्ष 1996 में वकालत की शिक्षा पूरी की। इस दौरान वे सर्वश्रेष्ठ छात्रसंघ पुरस्कार से भी सम्मानित हुए। वर्ष 2003 में दिल्ली बार काउंसिल के सबसे कम उम्र के प्रतिनिधि चुने गए तथा सचिव भी बनाए गए। 2009 में पिछले 50 वर्षों के बार काउंसिल के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सर्वाधिक मतों से विजयी हुए। 2007 में भारतीय जनता पार्टी लीगल सेल से जुड़े। वर्ष 2010 में दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। वे चार बार प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। अभी वे दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। 

परिवार के लोगों ने बताया कि 881 मतों से जीते श्री वर्मा लक्ष्मीनगर विधानसभा क्षेत्र को ही अपनी कर्मभूमि मानते हुए 25 वर्षों से लगातार सक्रिय हैं। वहां वे सभी सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नवनिर्वाचित विधायक की मां उर्मिला देवी ने बताया कि विगत 25 वर्षों से मेरा बेटा दिल्ली और लक्ष्मीनगर की सेवा में लगा हुआ है। इसी का पुरस्कार लक्ष्मीनगर के लोगों ने मेरे बेटे को दिया है।

बधाइयों का लगा तांता
अभय वर्मा की जीत पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। श्री वर्मा की जीत पर दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, जिला भाजपा अध्यक्ष जीवछ साहनी, विधान पार्षद डॉ. अर्जुन साहनी, पूर्व विधान पार्षद मिश्रीलाल यादव, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. धर्मशीला गुप्ता, संगीता साह, प्रदेश महामंत्री मीना झा, उपाध्यक्ष सुजीत मल्लिक, संजीव साह, जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी, अमलेश झा, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. आमोद कुमार झा आदि ने बधाई दी है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें