बिहार में एटीएम पर अपराधियों की बुरी नजर, मुजफ्फरपुर में मशीन काट कर 50 लाख उड़ाए
गैस कटर से काटा गया एटीएम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। एटीएम की साफ-सफाई करने वाली निजी एजेंसी का कर्मी पहुंचा तो एटीएम कटा देख बैंक को सूचना दी। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पूरे बिहार में एटीएम कैश चोर गिरोह सक्रिय है। मुजफ्फरपुर जिले में एटीएम काटने वाले गिरोह ने दो जगहों पर एटीएम काटकर 50 लाख रुपये से अधिक चोरी कर ली। सफेद लग्जरी कार से आए तीन बदमाशों ने दोनों वारदात को अंजाम दिया। शहर के भगवानपुर रेवा रोड में इंद्रप्रस्थ मार्केट स्थित आईसीआईसीआई और सरैया थाना के बहिलवारा जवाहर चौक स्थित एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काटा गया है। सरैया में एटीएम से 31 लाख और भगवानपुर रेवा रोड स्थित एटीएम से 20 लाख रुपये कैश चोरी की चर्चा है।
मौके पर जांच को पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एटीएम संधारण करने वाली एजेंसी के लिखित देने पर ही चोरी गई राशि स्पष्ट हो पाएगी। एजेंसी वालों ने चोरी की गई राशि की जानकारी दी। दोनों जगहों से मिले सीसीटीवी फुटेज में एक ही हुलिया वाला अपराधी एटीएम में घुसने के साथ सीसीटीवी पर स्प्रे पेंट छिड़क उसे निष्क्रिय करते दिखा है। इसके बाद एटीएम काटा जाता है। रेवा रोड में मिले सीसीटीवी फुटेज में अपराधी सफेद लग्जरी कार से उतरकर रात दो बजकर तीन मिनट पर एटीएम की ओर जाते दिखे। सभी अपना चेहरा बांधे हुए थे। गैस कटर से काटा गया एटीएम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। एटीएम की साफ-सफाई करने वाली निजी एजेंसी का कर्मी पहुंचा तो एटीएम कटा देख बैंक को सूचना दी। इसके बाद सदर थानेदार अस्मित कुमार और अन्य एफएसएल की टीम के साथ शाम करीब चार बजे छानबीन को पहुंचे।
यह भी पढ़ें- हमलोग जहर खा लिये हैं, टाटा-बाय-बाय, घर पर कॉल कर पटना में प्रेमी युगल ने जहर खाकर की आत्महत्या
डीआईयू प्रभारी लाल किशोर गुप्ता भी दलबल के साथ आए। एफएसएल की टीम ने स्प्रे पेंट का फेंका डब्बा जब्त किया है। एटीएम से फिंगर प्रिंट उठाए गए हैं। सदर थानेदार ने बताया कि एटीएम को गैस कटर से काटा गया है। कैश बॉक्स गायब है। एटीएम संधारण करने वाली निजी एजेंसी एजीएस के अधिकारी के मिलान करने के बाद चोरी गई राशि स्पष्ट होगी।
रेवा रोड से एक घंटा पहले सरैया में कटा एटीएम
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहले सरैया में एटीएम कटा। इसके एक घंटे बाद रेवा रोड में। बदमाश रेवा रोड में एटीएम काट बीबीगंज की ओर जाने वाले रास्ते से निकले। सरैया में 3.45 बजे टहलने निकले लोगों ने एटीएम का शटर खुला देख पुलिस को सूचना दी। सरैया एसडीपीओ कुमार चंदन व सरैया थानेदार जयप्रकाश सिंह ने जांच की।
एक सप्ताह से खराब था अलार्म और कैमरा
सरैया पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे लगभग आधा दर्जन सीसीटीवी को खंगालते हुए फुटेज को एकत्र किया है। एफएसएल एक्सपर्ट ने फिंगर प्रिंट की जांच की। थानेदार ने बताया कि एटीएम से 31 लाख की चोरी की आशंका जताई गई है। एक सप्ताह से मशीन का इमरजेंसी अलार्म व कैमरा खराब होने की बात बताई जा रही है।
कर्मियों की मिलीभगत की आशंका
इस मामले में मुजफ्फरपुर के एसडीपीओ सरैया चंदन कुमार ने कहा है कि एटीएम काटकर कैश चोरी की गई है। एटीएम संधारण करने वाली एजेंसी के कर्मी भी जांच के दायरे में है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही कांड का पूरा उद्भेदन कर लिया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

