ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारपटना: शार्ट सर्किट से जली रूई की दुकान, 4 लोगों की बचाई गई जान, दमकल की 14 गाड़ियों की मदद से छह घंटे में बुझाई गई आग, धुएं के गुबार से लोगों का घुट रहा था दम

पटना: शार्ट सर्किट से जली रूई की दुकान, 4 लोगों की बचाई गई जान, दमकल की 14 गाड़ियों की मदद से छह घंटे में बुझाई गई आग, धुएं के गुबार से लोगों का घुट रहा था दम

राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित साइंस कॉलेज के पास शनिवार की रात करीब ढाई बजे अचानक रूई की दुकान में आग लग गई। काफी ऊंचाई तक उठ रही आग की लपटों से आसपास के मकानों में सो रहे...

पटना: शार्ट सर्किट से जली रूई की दुकान, 4 लोगों की बचाई गई जान, दमकल की 14 गाड़ियों की मदद से छह घंटे में बुझाई गई आग, धुएं के गुबार से लोगों का घुट रहा था दम
पटना, हिन्दुस्तान टीमSun, 24 Jan 2021 06:06 PM
ऐप पर पढ़ें

राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित साइंस कॉलेज के पास शनिवार की रात करीब ढाई बजे अचानक रूई की दुकान में आग लग गई। काफी ऊंचाई तक उठ रही आग की लपटों से आसपास के मकानों में सो रहे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। लपटों के साथ धुएं का गुबार छाने से लोगों का दम घुटने लगा। जान बचाकर लोग परिवार सहित घरों से भाग खड़े हुए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से 6 घंटे में आग पर काबू पाया। वहीं आग की लपटों के बीच घिरे 4 लोगों की जान रेस्क्यू कर बचायी गई।

गहरी नींद में सोये थे लोग, चारों तरफ फैल चुकी थी आग 
बताया गया है कि रमेश और उमेश दोनों भाई है। दोनों भाई साइंस कॉलेज के पास ही अशोक राजपथ पर वर्षों से रूई की दुकान चलाते हैं। आगे दुकान है और पीछे मकान। दोनों भाई एक ही मकान में रहते हैं। रोज की तरह शनिवार की रात करीब आठ बजे दोनों भाई दुकान बंद कर घर चले गये। रात करीब सवा दो बजे रूई की दुकान धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटों के बीच धुआं उठता देख अचानक लोग अपने घरों से बाहर आये।  शोर सुनकर रमेश भागते हुए मौके पर पहुंचे तो रूई की दुकान आग के आगोश में आ चुकी थी। आसपास के मकानों तक आग की लपटें पहुंच रहीं थी। इसके चलते घरों से लोग भागने लगे। कुछ ही देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना के कुछ ही देर बाद पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि दुकानदार और उसके परिजन घर में ही फंसे हैं। इस बीच लोदीपुर, पटना सिटी, सचिवालय, कंकड़बाग और दानापुर से दमकल की 10 गाड़ियों के साथ कर्मी भी मौके पर पहुंच गये। फायर मैन दुकान के पीछे के रास्ते घर में दाखिल हुए। इस बीच कुछ लोग तो किसी तरह खुद ही बाहर आ गए, लेकिन अंदर चार लोगों के फंसे होने की सूचना थी। करीब 40 मिनट तक फायर मैन द्वारा रेस्क्यू कर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। 

सुबह छह बजे बुझी आग, ठंड में कांपते रहे लोग 
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो रूई में आग लगने की वजह से लपटें काफी ऊपर तक उठ रही थीं। आसपास के मकानों की खिड़की तक जलने लगी। चार मकानों में धुंआ भर गया था। फिलहाल सभी लोग अफरातफरी के बीच सड़क पर आ गए। फायर मैन दुकान में आग बुझाने में जुटे रहे। सुबह छह बजे आग पर काबू पाया गया। इस दौरान सभी लोग ठंड में कांपते हुए पूरी रात सड़क पर ही गुजारी। पीरबहोर थाना प्रभारी रिजवान अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से ही रूई की दुकान में आग लगने की बात सामने आयी है। अगलगी में कितने की क्षति हुई है, इसका आकलन किया जा रहा है। कोई जनहानि नहीं हुई है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वरना बड़ा अग्निकांड हो सकता था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें